बिना आधार के नहीं बनेगा राशन कार्ड

कुल्लू। खाद्य एवं आपूर्ति निगम की ओर से इन दिनों जिला में राशन कार्ड बनाने की मुहिम की है, लेकिन पंचायतों में बनाए जा रहे राशन कार्ड के लिए उपभोक्ता का आधार कार्ड अनिवार्यता के आधार पर मांगा गया है। जिले में अभी तक कई लोगों को आधार कार्ड नहीं बने हैं, इस कारण हजारों लोगों के नए राशन कार्ड लटक सकते हैं। जिला भर में इस बार 80 हजार से अधिक नए राशन कार्ड बनाए जाने की योजना है। इस कारण लोगों के लिए राशन कार्ड बनाना मुसीबत बन गए हैं, क्योंकि सरकार और निगम ने आधार कार्ड की अनिवार्यता तो प्राथमिकता के आधार पर कर दी है, लेकिन अभी जिला में करीब 20 फीसदी जनता ऐसी है जिन्होंने अभी तक आधार कार्ड ही नहीं बनाया है। जबकि हजारों लोग ऐसे हैं जिन्होंने एक साल से पहले आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया को अंजाम दिया है लेकिन अभी तक उनके आधार कार्ड नहीं आए है। ऐसे में उनके नए राशन कार्ड बनने की प्रक्रिया रुक सकती है। खाद्य एवं आपूर्ति निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों का कहना है कि राशन कार्ड बनाने के लिए आधार कार्ड की प्रति जमा करवाना आवश्यक है अन्यथा राशन कार्ड से उस व्यक्ति को वंचित रहना पड़ सकता है। ऐसे में जिला की पंचायतों के हजारों लोग राशन कार्ड बनाने से वंचित रह सकते हैं। जिला कुल्लू के अमर, रेखा देवी, पवन कुमार, दिनेश कुमार, राकेश कुमार, सीमा देवी, माया, सपना देवी, सुषमा देवी, रीना देवी, सपना ठाकुर, जय सिंह और टिकम राम का कहना है कि उन्होंने इस बार नया राशन कार्ड बनाने के लिए पंचायतों में आवेदन किया था, लेकिन पंचायत वाले आधार कार्ड मांग रहे हैं। जबकि उन्होंने अभी आधार कार्ड नहीं बनाया है। उनका कहना है कि आधार कार्ड और राशन कार्ड दोनों को बनाने के लिए उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

नया राशन कार्ड बनाने के लिए आधार कार्ड जरूरी कर दिया है। लिहाजा, आधार कार्ड की प्रति जमा करने के बाद ही राशन कार्ड बनाया जा सकता है। आधार कार्ड इसलिए मांगा जा रहा है कि सरकार की ओर से सिलेंडर और राशन के लिए दी जाने वाली सब्सिडी उपभोक्ता के खाते में डाली जानी है। इस कारण आधार कार्ड जमा करवाना जरूरी है।
-नरेंद्र धीमान, जिला फूड एवं सप्लाई नियंत्रक

Related posts