हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक तीन बजे होगी आयोजित, मुख्यमंत्री जयराम लेंगे फैसले

हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक तीन बजे होगी आयोजित,  मुख्यमंत्री जयराम लेंगे फैसले

शिमला
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक मंगलवार को दोपहर बाद तीन बजे आयोजित होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कई अहम फैसले लेंगे। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते बैठक में स्कूलों को एक सप्ताह तक बंद करने का फैसला लिया जा सकता है। दिवाली से दो-तीन पहले और दो-तीन बाद में स्कूलों को बंद रखने का विकल्प मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाना है।

बता दें नौवीं से 12वीं कक्षा के लिए दो नवंबर से प्रदेश के स्कूलों में नियमित कक्षाएं शुरू हुई हैं। इस दौरान मंडी जिला में काफी अधिक संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा राजधानी शिमला के स्कूलों में भी कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। स्कूलों में बढ़े कोरोना संक्रमण के मामलों के चलते अन्य जिलों में अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए सहमति पत्र देने से परहेज कर रहे हैं। इसके चलते स्कूलों में नियमित कक्षाएं लगाने के लिए आने वाले विद्यार्थियों की संख्या बहुत कम हो गई है।
अधिकारियों का मानना है कि कोरोना वायरस की चेन को तोड़ने के लिए एक सप्ताह तक स्कूलों को अगर बंद किया जाए तो हालात में सुधार हो सकता है। ऐसे में दिवाली से दो-तीन पहले और दो-तीन बाद में स्कूलों को बंद रखने को लेकर मंत्रिमंडल के समक्ष विकल्प रखा जा सकता है। हालांकि स्कूल बंद होंगे या नहीं। इसको लेकर अंतिम फैसला मंगलवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में ही होगा।  तकनीकी शिक्षा विभाग की कैबिनेट के दौरान प्रस्तुति होने की संभावना है।

नारकंडा से हाटु पीक के लिए बनेगा रोप-वे
जिला शिमला के नारकंडा का हाटु पीक क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से विकसित होगा। नारकंडा से हाटु पीक के लिए सरकार रोप-वे बनाएगी। रोप-वे एंड रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट कारपोरेशन ने इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है। 10 नवंबर को मंत्रिमंडल की बैठक में इस मामले पर चर्चा होगी। रोप-वे पीपीपी मोड से बनाया जाएगा। रोप-वे बनने से इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के भी अवसर मिलेंगे। नारकंडा से हाटु पीक की दूरी करीब 6 किलोमीटर है।

रोप-वे बनने से पर्यटक डेढ़ किलोमीटर का रोमांच भरा सफर करते हुए हाटु पीक पहुंचेंगे। बर्फबारी के दौरान नारकंडा और हाटु पीक का नजारा और भी खूबसूरत होता है। कुल्लू, मनाली और रोहतांग जाने वाले सैलानी अकसर हाटु पीक जाते हैं। ऐसे में सरकार ने इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का फैसला लिया है। सरकार यह रोप-वे पीपीपी मोड से बनाएगी। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद सरकार इसके निर्माण को लेकर निविदाएं आमंत्रित करेगी।

नहीं  आएंगे शिक्षा और परिवहन मंत्री
हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक  में शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह और परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर बैठक में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, दिवाली के दौरान एक सप्ताह स्कूल बंद रखने पर चर्चा होने के आसार हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए संक्रमण रोकने की नई रणनीति भी सरकार बना सकती है। सैंपल लेने की संख्या बढ़ाने पर भी फैसले हो सकता है।

मंगलवार को मंत्रिमंडल की अंतिम ऑफलाइन बैठक होगी। इसके बाद आगामी सभी बैठकें ई-कैबिनेट सॉफ्टवेयर की मदद से आयोजित होंगी। एप और सॉफ्टवेयर की मदद से पेपरलेस बैठकें हुआ करेंगी। इसमें बैठक का एजेंडा ऑनलाइन ही मंत्रियों के पास पहुंचेगा। बुधवार को सचिव स्तर के अधिकारियों को इस सॉफ्टवेयर की आखिरी ट्रेनिंग दी जाएगी।

 

Related posts