
शिमला
कोरोना के कारण करीब छह माह से बंद पड़े शिक्षण संस्थानों और रोजाना सामने आ रहे संक्रमण के मामलों का असर नर्सिंग कोर्स के आवेदनों पर भी पड़ा है। बैच के समय से शुरू न होने और प्रशिक्षण के सुचारु रूप से चलने पर बने संशय को भी इसकी वजह माना जा रहा है। पहले नर्सिंग कोर्स में प्रवेश को आवेदनकर्ताओं की संख्या पांच हजार से अधिक रहती थी। इस बार यह आंकड़ा 3500 भी नहीं पहुंच पाया है।
बीएससी नर्सिंग की 1200, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की 150, एमएससी नर्सिंग कोर्स की सौ सीटों के लिए 30 सितंबर निर्धारित की तिथि तक 3300 ने आवेदन किए हैं। इनमें बीएससी नर्सिंग को ढाई हजार, पोस्ट बेसिक को करीब 500 और एमएडसी नर्सिंग को मुश्किल से 450 ने ही ऑनलाइन आवेदन किए हैं। आवेदनों की कम संख्या को देखते हुए विवि प्रशासन ने इन कोर्सों के लिए अब आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाने का फैसला लिया है। इन कोर्सेज के लिए 21 अक्तूबर को प्रदेशभर में स्थापित परीक्षा केंद्रों में प्रवेश परीक्षाएं होनी हैं।
नर्सिंग कोर्स के लिए बढ़ाई आवेदन तिथि
विवि के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. रणवीर वर्मा ने कहा कि बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग और एमएससी नर्सिंग कोर्स में प्रवेश को ऑनलाइन आवेदन की तिथि 7 अक्तूबर तक बढ़ाई गई है। किन्हीं कारणों से आवेदन न कर पाने वाले निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं। 21 अक्तूबर को प्रवेश परीक्षा होनी है।
