
शिमला
हिमाचल में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में शनिवार को 119 नए मामले आए हैं। शिमला 13, मंडी में 14, सोलन 25, बिलासपुर 12, सिरमौर आठ, हमीरपुर 13, चंबा चार, कुल्लू आठ, ऊना नौ और कांगड़ा में 13 पाॅजिटिव मामले आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 3994 पहुंच गया है। 1309 सक्रिय मामले हैं। 2632 मरीज ठीक हो गए हैं। शनिवार को 81 और मरीज ठीक हो गए हैं। कोरोना से 18 की मौत हो चुकी है। 34 मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं। मंडी जिले में बलदवाड़ा, कोटली, जंजैहली और भोरंज हमीरपुर से 14 नए मामले आए हैं। कुल्लू और मनाली से आठ नए मामले आए हैं। बिलासपुर जिले में 11 महीने के बच्चे समेत कुल 12 कोरोना पाॅजिटिव मामले आए हैं। दिल्ली और बद्दी से लौटे दो लोगों की रिपोर्ट भी देर शाम पाॅजिटिव आई है।
सुबह चंबा जिले में पहले से पाॅजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आने से चार संक्रमित हुए हैं। नए मामले किहार,धड़ोग और पुखरी से आए हैं। जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 156 पहुंच गई है। जबकि अब तक 126 मरीज ठीक हो चुके है। सिरमौर जिले में भी आठ नए मामले आए हैं। नए मामले ददाहु और तीन पांवटा से हैं। कांगड़ा जिले में 13 पाॅजिटिव केस आए हैं। नूरपुर, देहरा, टांडा, पालमपुर, ज्वालामुखी, शाहपुर, संसारपुर आदि भागों से आठ नए मरीज आए हैं। संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर डाढ़ के अलावा धर्मशाला और एमएच पालमपुर भेजा गया है। वहीं जिले में नौ मरीजों ने कोरोना की जंग जीती है। सोलन जिले में शनिवार शाम को एक साथ 25 नए कोरोना पाॅजिटिव मामले आए हैं। इनमें 18 बद्दी, दो नालागढ़, एक अर्की और चार परवाणू के हैं।
शिमला जिले में शनिवार को कोरोना के 13 नए मामले आए हैं। इनमें कुमारसैन में चार पाॅजिटिव केस हैं। जबकि आईजीएमसी, नेरवा, मतियाना, रामपुर और सेना अस्पताल से एक-एक मामला मामला आया है। इसके अलावा रोहड़ू से चार मामले आए हैं। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल;आइजीएमसी के में ट्रामा वार्ड में कोरोना पॉजिटिव मामला आने से ट्रामा वार्ड में मरीजों, डॉक्टरों ओर स्टाफ समेत अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। ऊना जिले में मां.बेटे व दंपती समेत नौ की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें आठ मामले प्राथमिक संपर्क के हैं। नए मामले धुसाडा, मैहतपुर, देहलां और हरोली से आए हैं। सीएमओ डॉ. रमन कुमार ने कोरोना पॉजिटिव मामलों की पुष्टि की है। गगरेट उपमंडल के कैलाश नगर का रहने वाला मर्चेंट नेवी में तैनात युवक की रिपोर्ट भी पाॅजिटिव आई है। युवक शुक्रवार रात्रि को ही अमृतसर से वापस घर लौटा था। युवक का शुक्रवार को ही कोविड टेस्ट हुआ था और शनिवार को इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही उसे कोविड केयर सेंटर खड्ड शिफ्ट कर दिया गया। हमीरपुर जिले में भी देर रात एक साथ बड़सर, नादौन, चैरी, बटरैन, टौणी देवी और भोरंज से 13 नए कोरोना मामले आए हैं।
जिले में छह मरीज ठीक हो गए हैं।
