रोहड़ू में भारी हिमपात से यातायात ठप

रोहड़ू। हिमपात के बाद उपमंडल के सभी मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए हैं। लोगों को मौसम खुलने के बाद गांव से पैदल सफर करना पड़ रहा है। शिमला के लिए रोहड़ू से परिवहन निगम की बस वाया पांवटा चलाई जा रही है।
हिमपात के बाद रविवार को रोहड़ू से हाटकोटी चिड़गांव के बीच बस चली है। भारी हिमपात के कारण रोहड़ू-शिमला राजमार्ग खड़ापत्थर में बंद पड़ा है। मुख्य मार्ग को खोलने के लिए लोनिवि ने मशीनें लगाई हुई हैं। सड़क बंद होने के बाद आपात स्थिति में शिमला आने जाने वाले छोटे वाहन भी वाया पांवटा चल रहे हैं। रोहड़ू उपमंडल के मुख्य ग्रामीण संपर्क मार्ग यातायात के लिए बंद पड़े हैं। ग्रामीण क्षेत्रों मेें लोग रोजमर्रा के सामान के लिए पैदल बाजार तक पहुंच रहे हैं। परिवहन निगम के अड्डा प्रभारी चतर सिंह ठाकुर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के सभी मार्ग अभी बंद हैं। रोहडू, हाटकोटी चिड़ागांव के बीच जुब्बल के निचले क्षेत्रों में कुछ मार्गों पर बस सेवाएं रविवार शाम शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि रोहड़ू से वाया पांवटा शिमला के लिए रविवार को बस भेजी गई है।
लोनिवि के एक्सईएन करतार चंद ने बताया कि शिमला मुख्य मार्ग को खोलने का काम चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के सभी संपर्क मार्गों पर बर्फ हटाने के लिए मशीनें तैनात कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि पहले मुख्य मार्गों तथा उसके बाद अन्य सड़कों को यातायात के लिए खोला जाएगा।

Related posts