
नई दिल्ली

राजधानी में कोरोना संक्रमण कम होने लगा है। सोमवार को करीब दो महीने बाद संक्रमण दर 8 फीसदी से नीचे आई है। साथ ही बीते एक सप्ताह से पॉजिटिविटी रेट भी 10 फीसदी से नीचे बना हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यही स्थिति लंबे समय तक रही तो दिल्ली में संक्रमण पर लगाम लग सकती है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सोमवार को 21,236 लोगों की जांच में संक्रमण के 1573 मामले आए थे। इस हिसाब से संक्रमण दर अब 7.5 फीसदी है। 30 अप्रैल के बाद यह पहली बार है कि यह दर 8 फीसदी से नीचे आई है। बीते एक सप्ताह से पॉजिटिविटी रेट भी 10 फीसदी से कम बनी हुई है। यानी, अब प्रति 100 लोगों की जांच में 10 से कम लोग ही संक्रमित मिल रहे हैं। एक समय यह आंकड़ा 40 पहुंच गया था। पिछले 20 दिनों में जांच के हिसाब से संक्रमण दर में तीन गुना तक कमी आई है। 23 जून को जांच कराए गए 23 फीसदी सैंपल पॉजिटिव निकले थे। वहीं, 20 दिन बाद 12 जुलाई को 7.5 फीसदी सैंपल ही पॉजिटिव मिले। यानी, 20 दिनों में संक्रमण दर 23 फीसदी से घटकर 7.5 फीसदी हो गई है।
आईसीएमआर के महामारी विशेषज्ञ डॉ. समीरन पांडा के मुताबिक, दिल्ली में रिकवरी रेट बढ़ रहा है और संक्रमण दर लगातार घट रही है। आने वाले लंबे समय तक यही स्थिति रही तो महामारी के चक्र पर लगाम लगाने की उम्मीद बढ़ सकती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, 0.5 फीसदी संक्रमण दर होने पर सामान्य हालात माने जाते हैं।
70 फीसदी बेड खाली
राजधानी के कोविड अस्पतालों में 70 फीसदी बेड खाली हैं। संक्रमण दर में कमी और रिकवरी दर में बढ़ोतरी की वजह से ऐसा हुआ है। सोमवार तक अस्पतालों में भर्ती कोरोना मरीजों की संख्या 4315 गई, जबकि 15 हजार से अधिक बेड मरीजों के लिए आरक्षित किए गए हैं। अस्पतालों में उपलब्ध 15361 बेड में से सिर्फ 4235 पर ही कोरोना के मरीज भर्ती हैं।
50 फीसदी वेंटिलेटर बेड भी खाली
दिल्ली में गंभीर मरीजों के लिए 1053 वेंटिलेटर बेड हैं। इनमें से सिर्फ 515 पर ही मरीज भर्ती हैं। अभी 538 वेंटिलेटर बेड खाली हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या घटने पर बिना वेंटिलेटर वाले आईसीयू के मरीजों की संख्या भी कम हुई है। दिल्ली में 499 मरीज बिना वेंटिलेटर वाले आईसीयू बेड पर भर्ती हैं, जबकि अस्पतालों में ऐसे बेड की संख्या 1003 हैं।
ऐसे कम हो रही है संक्रमण दर
तारीख संक्रमण दर
23 जून 23.6
26 जून 19.2
28 जून 15.1
30 जून 12.6
02 जुलाई 12.3
04 जुलाई 11.2
06 जुलाई 9.8
08 जुलाई 9.1
10 जुलाई 8.2
12 जुलाई 7.5
नोट : आंकड़े 12 जुलाई तक के हैं और स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट से लिए गए हैं। संक्रमण दर फीसदी में है।
