
शिमला

हिमाचल में येलो अलर्ट के बीच मंगलवार को शिमला, सोलन और सिरमौर के कई क्षेत्रों में बादल झमाझम बरसे। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार को बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री की कमी दर्ज हुई। बुधवार को भी प्रदेश में मौसम खराब रहने के आसार हैं।
10 और 11 जुलाई को पूरे प्रदेश में भारी बारिश और अंधड़ की चेतावनी जारी की गई है। 13 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। मंडी, चंबा और कुल्लू जिला के कुछ क्षेत्रों में भी मंगलवार को बारिश हुई।
मौसम में आए इस बदलाव से मैदानी जिलों में गर्मी से कुछ राहत मिली है। राजधानी शिमला में सुबह के समय मौसम साफ रहा। दोपहर करीब एक बजे से शाम तक शहर में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा।
नाहन, सोलन, मंडी, डलहौजी, भुंतर में भी बारिश रिकॉर्ड हुई। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम मिलाजुला बना रहा। धूप खिलने के साथ हल्के बादल भी छाए रहे। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 35.4, बिलासपुर में 34.0, हमीरपुर में 33.8, सुंदरनगर में 33.0, भुंतर में 33.6, चंबा में 32.9, कांगड़ा में 32.7, सोलन में 30.4, धर्मशाला में 29.8, नाहन में 28.2, केलांग में 24.1, कल्पा में 24.0, शिमला में 22.7 और डलहौजी में 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
सोमवार रात को नाहन में न्यूनतम तापमान 25.6, ऊना में 25.5, हमीरपुर में 23.8, बिलासपुर में 23.5, कांगड़ा में 22.5, मंडी में 18.0, शिमला में 17.5, मनाली में 14.0, कल्पा में 12.1 और केलांग में 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
