
दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने दूसरी पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 100 रन बना लिए हैं। मिसबाह उल हक 36 और अजहर अली 45 रनों पर नाबाद हैं। दोनों के बीच 55 रनों की साझेदारी हो चुकी है। इस तरह पाकिस्तान को अब तक कुल 112 रनों की बढ़त मिल गई है। जबकि उसके सात विकेट शेष हैं।
द.अफ्रीका के पहली पारी में 326 रन
इससे पहले रॉबिन पीटरसन (84) की अगुआई में दक्षिण अफ्रीका के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया, और टीम का स्कोर 326 रन तक पहुंचाया। पाकिस्तान ने पहली पारी में 338 रन बनाए थे और इस तरह उसे सिर्फ 12 रन की बढ़त मिली।
दूसरी पारी में पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही जब डेल स्टेन और वर्नन फिलेंडर ने अपने पहले ओवरों में ही विकेट चटकाए। स्टेन ने पारी की दूसरी गेंद पर ही मोहम्मद हफीज को पगबाधा किया। फिलेंडर ने अगले ओवर में नासिर जमशेद को पगबाधा आउट करके पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर सात रन कर दिया। पहली पारी के शतकवीर यूनिस खान (14) को स्टेन ने बोल्ड करके पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया।
सईद अजमल को मिले 6 विकेट
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के कल के नाबाद बल्लेबाजों एबी डिविलियर्स और डीन एलगर ने सुबह छठे विकेट की साझेदारी को 55 रन तक पहुंचाया। सईद अजमल ने एलगर को स्लिप में कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पहले छह विकेट चटकाए लेकिन इसके बाद उन्हें और सफलता नहीं मिली। उन्होंने 96 रन देकर छह विकेट हासिल किए।
पीटरसन ने इसके बाद सकारात्मक बल्लेबाजी की। पिछली सात अंतरराष्ट्रीय पारियों में पांच बार शून्य पर आउट हुए बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 73 गेंद में अपना दूसरा टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। डिविलियर्स 61 रन बनाने के बाद दूसरी नई गेंद से मोहम्मद इरफान का शिकार बने। अंतिम दो विकेटों ने 49 रन जोड़े। पीटरसन (22) आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज रहे। उन्होंने 106 गेंद की अपनी पारी में 15 चौके मारे। अपना पहला टेस्ट खेल रहे इरफान ने 86 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
