
शिमला

शिमला के रोहड़ू स्थित कुड्डू बैरियर पर तैनात एक कांस्टेबल ने पानी समझ कर बैटरी वाटर को पी लिया। उसकी हालत गंभीर हो गई। बैरियर पर अन्य साथी कांस्टेबल ने उसे इलाज के लिए सरस्वती नगर अस्पताल लाया। जहां से कांस्टेबल को सिविल अस्पताल रोहडू ले जाया गया। रोहड़ू में प्राथमिक उपचार के बाद उसे आईजीएमसी रेफर किया गया है। घटना सोमवार की है। जानकारी के अनुसार कांस्टेबल बाल कृष्ण पुलिस लाईन कैथू शिमला में तैनात था।
कोरोना लॉकडाउन के चलते कुड्डू स्थित इंटर स्टेट बैरियर पर उसकी अस्थायी तैनाती की गई थी। सोमवार को ड्यूटी के दौरान उसने गलती से गाड़ियों की बैटरी में डाले जाने वाले पानी की बोतल को पी लिया। इसके बाद कांस्टेबल की तबीयत बिगड़ी और वह उल्टी करने लगा। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ती देख साथी कांस्टेबल उसे अस्पताल ले गए। कांस्टेबल अब आईजीएमसी शिमला में उपचाराधीन है। डीएसपी रोहड़ू सुनील नेगी ने मामले कि पुष्टि की है।
