छात्रों की जेब में मिले कैप्सूल

ऊना। स्कूली बच्चों की जेब में कैप्सूल, खैनी और गुटखा जैसे नशीले उत्पाद मिलें तो हर कोई हैरान होगा। नाबालिग बच्चे इस तरह के नशे के आदी हो रहे हैं। पुलिस ने शनिवार को नंगल रोड पर एक निजी स्कूल के बाहर वाहनों की तलाशी के लिए नाका लगाया था। इस दौरान पुलिस इस बात पर नजर रखे हुए थी कि कौन-कौन स्कूली बच्चे कानून तोड़कर दोपहिया वाहन पर ट्रिपल राइडिंग का जोखिम उठा रहे हैं। इस दौरान ट्रिपल राइडिंग की कोशिश कर रहे छात्रों ने पुलिस को सामने देखा तो वे सकपका गए। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बातों ही बातों में कुछ बच्चों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुछ बच्चों की जेब में कैप्सूल मिले। हालांकि, बच्चों ने कोई न कोई बीमारी की बात कही। कुछ बच्चों की जेब में पुलिस को खैनी और गुटखे के पैकेट भी मिले। पुलिस यह खैनी, गुटखे के पैकेट और कैप्सूल कब्जे में लेकर नष्ट कर दिए। पुलिस ने बाद में चेतावनी देकर बच्चों को जाने दिया और सुधरने को लेकर सख्त हिदायत भी दी। एडिशनल एसपी राकेश सिंह ने कहा कि परिजनों को भी बच्चों का ध्यान रखना चाहिए। बच्चों की हर तरह की गतिविधियों पर ध्यान जरूरी है। नशे को लेकर बच्चों में कई तरह के लक्षण देखे जा सकते हैं। इन पर ध्यान देकर परिजन अपने बच्चों को सही रास्ता दिखा सकते हैं।

Related posts