कृषि कारोबारियों की टेंशन दूर

ऊना। जिले के कई क्षेत्रों में शुक्रवार रात से हो रही बारिश से ऊना में जहां मौसम काफी सर्द हो गया है, वहीं कृषि कारोबार के लिए यह बारिश वरदान मानी जा रही है। इससे कृषि उत्पादन उम्दा होने की उम्मीद है। पानी की कमी से रात को भीषण सर्दी और दिन में धूप का प्रकोप सह रही फसलें मुरझाने लग गई थीं। ऊना में शुक्रवार को दिन में हलकी बूंदाबांदी के बाद रात को शुरू हुई बारिश शनिवार को भी जारी रही। इससे कृषि कारोबारियों की टेंशन दूर हो गई है।
किसानों में गुरबख्श सिंह, प्रीतम, राजन शर्मा, रामपाल, राम सिंह, अश्वनी कुमार, प्रेमदास, गोपाल कृष्ण और जसविंद्र सिंह ने बताया कि काफी दिन से बारिश न होने के कारण फसलों पर काफी बुरा असर पड़ रहा था। खलिहानों में फसलें सूखने लग गई थीं। लेकिन, शनिवार को जमकर बारिश के चलते काफी राहत महसूस हुई है। डेढ़ हफ्ते के अंतराल के बाद हुई बारिश से फसलों को पर्याप्त पानी मिल रहा है। उधर, कृषि उपनिदेशक डा. एचएस राणा का कहना है कि इस समय बारिश का होना फसलों के लिए लाभदायक है। जिले के असिंचित क्षेत्रों में बारिश से किसानों को राहत महसूस होगी।

Related posts