
हमीरपुर। हमीरपुर जिला भाजपा अध्यक्ष का ताज नादौन के विधायक विजय अग्निहोत्री के सिर सजा। अग्निहोत्री को निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुना गया। उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा हमीरपुर जिला चुनाव प्रभारी रणधीर शर्मा ने की। विजय के सामने कोई भी नामांकन दाखिल नहीं हो पाया। हमीरपुर जिला भाजपा कार्यकारिणी की चुनाव प्रक्रिया शुक्रवार को सर्व हित सुधार सभा हमीरपुर में पूरी की गई। चुनाव प्रभारी रणधीर शर्मा की देखरेख में प्रक्रिया को पूरा किया गया। विजय अग्निहोत्री के नाम पर वीरवार देर रात ही सहमति बन चुकी थी और चुनाव प्रक्रिया केवल औपचारिकता भर थी।
सूत्रों की मानें तो अग्निहोत्री पद के अभिलाषी नहीं थे और विस क्षेत्र में अधिक समय की इच्छा जता रहे थे लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला अध्यक्ष की कुर्सी संभालने को तैयार हुए। निकटतम दावेदारों में विजय पाल सोहारू अध्यक्ष पद की दौड़ में थे लेकिन जातीय समीकरणों के चलते विजय अग्निहोत्री का नाम तय हुआ। चुनाव प्रभारी रणधीर शर्मा नामांकन सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के पश्चात जिला अध्यक्ष के निर्वाचन की विधिवत घोषणा की।
