मतियाना स्कूल में धमाका,चार विद्यार्थी झुलसे, आईजीएमसी से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर

शिमला/ठियोग
लैब में धमाके में घायल विद्यार्थी
 शिमला के ठियोग के सरकारी स्कूल में जमा दो के केमिस्ट्री प्रैक्टिकल के दौरान केमिकल डालते धमाका हो गया। इससे तीन छात्र और एक छात्रा बुरी तरह झुलस गए।
ठियोग की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मतियाना में जमा दो साइंस (केमिस्ट्री) की प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान धमाका हो गया। इससे छात्र अजीत (17) और मुकुल पांचटा (17) को गंभीर हालत में चिकित्सकों ने आईजीएमसी से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। बंटी शर्मा (17) और निकिता वर्मा (17) को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है।   पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। उधर, उप निदेशक राजेश्वरी बत्ता ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की है। टीम मंगलवार को घटना के कारणों की जांच करेगी। धमाके से अजीत और मुकुल पांचटा की आंखों में एसिड और कांच के टुकड़े चले गए। एक अन्य छात्र और छात्रा घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर अन्य छात्र-छात्राओं की प्रैक्टिकल परीक्षा ले रहे शिक्षक और लैब अटेंडेंट भी पहुंचे। इन्होंने झुलसे छात्र-छात्राओं को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

प्राथमिक जांच के बाद शिक्षक बच्चों को आईजीएमसी शिमला लाए। नेत्ररोग विशेषज्ञों और डॉक्टरों की टीम ने बच्चों की जांच की। डॉक्टरों का कहना है कि दोनों छात्रों की आंखों को नुकसान पहुंचा है। अभिभावकों के कहने पर चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को पीजीआई रेफर कर दिया। शाम को करीब छह बजे दोनों बच्चों को पीजीआई ले जाया गया। एक छात्र और छात्रा को घर भेज दिया गया। दोनों को रूटीन जांच के लिए मंगलवार को भी अस्पताल आने को कहा गया है। उधर, डीएसपी ठियोग कुलविंद्र सिंह ने कहा कि स्कूल में 12वीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान ब्लास्ट होने से चार विद्यार्थी झुलस गए हैं। घायलों को आईजीएमसी लाया गया। यहां से दो को पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts