
अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के गांव से एक और लड़की गायब हो गई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी की रपट दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। परिजनों का कहना है कि एक युवक उनकी बेटी को अपने साथ ले गया है। पुलिस ने सभी थाना चौकियों को इस संदर्भ में सूचित किया है। पुलिस के अनुसार लड़की घरवालों के साथ रात को खाना खाकर अपने कमरे में चली गई। सुबह देर तक कमरे से बाहर न आने पर उसकी माता ने कमरे में देखा तो लड़की अपने कमरे मेें नहीं थी। पिता ने पूरे गांव में खोजने के बाद अपने रिश्तेदारों के यहां भी अपनी बेटी को ढूंढा, फिर भी उसका कहीं कोई पता न चल सका। अब लड़की के पिता ने थाने में पहुंचकर गुमशुदगी की रपट दर्ज कराई है। युवती के पिता ने पुलिस को एक युवक का नाम भी बताया है। कहा कि उन्हें शक है कि उनकी बेटी को वह युवक अपने साथ ले गया है। अंब उपमंडल के ही एक गांव से दो रोज पहले एक युवती लापता हो गई थी। अब फिर ऐसी घटना ने क्षेत्र के लोगों को चिंतित कर दिया है। लोग बेटियों की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं। लापता युवती के परिजन भी उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। अंब उपमंडल में मई 2012 से लेकर अब तक युवतियों और महिलाओं के लापता होने की यह अठारहवीं घटना है। अंब के थाना प्रभारी गुरदीप सिंह ढिल्लो ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि लापता युवती की तलाश को लेकर पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं।
