

परिवहन निगम पहले ही लोकल बस किराया पांच रुपये वसूल कर रहा है। अब अलग से पांच रुपये की वसूली करने पर यात्री भड़क गए हैं। यात्रियों में सुरेश शर्मा, विनोद शर्मा, प्रवेश ठाकुर, सुशील शर्मा, वंदना कुमारी, प्रियंका, सुरेखा और दीप्ति ने कहा कि निगम की बसों में इंश्योरेंस और स्वच्छता के नाम पर पांच से छह रुपये की अतिरिक्त वसूली गलत है। दूसरे राज्यों की तुलना में हिमाचल में पहले ही अधिक बस किराया वसूला जा रहा है।निगम की अधिकतर बसों की हालत बेहद खराब है। कइयों की खिड़कियों के शीशे बंद नहीं होते तो कई बसों में सीटें फटी मिलती हैं। सड़कों की खस्ताहालत के चलते साधारण बसों में धक्के खाने पड़ते हैं। पंजाब रोडवेज ने हिमाचल के लिए नई वातानुकूलित बसें शुरू की हैं।
हिमाचल सरकार को भी इस तरह साधारण बस किराये पर वातानुकूलित बसें शुरू करनी चाहिए। उधर, एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के प्रबंधक विवेक लखनपाल ने कहा कि परिवहन निगम प्रबंधन के आदेशों के अनुसार ही यात्रियों से इंश्योरेंस और स्वच्छता शुल्क बस किराया के साथ वसूला जाता है। लोकल रूटों पर इस तरह के शुल्क नहीं वसूले जाते।
काफी समय से हो रही वसूली
दैनिक रूप से सरकारी बसों में सफर करने वाले यात्रियों की मानें तो स्वच्छता और बीमा राशि की काफी समय से वसूली की जा रही है। टिकट पर बाकायदा स्वच्छता के लिए एक रुपया और जीवन बीमा के लिए चार रुपये लिखा होता है। किलोमीटर बढ़ने के साथ ही इस शुल्क को बढ़ा दिया जाता है।
1 से 10 किलोमीटर तक कोई शुल्क नहीं
परिवहन निगम के अधिकारियों का मानना है कि 1 से 10 किलोमीटर तक कोई राशि नहीं वसूली जाती है। 11 से 50 – 2 रुपये, 51 से 150 3 रुपये, 151 से 300 – 5 रुपये और इससे ऊपर 10 रुपये राशि वसूलने का प्रावधान है।
