

खासकर जम्मू से सटे चंबा, कांगड़ा और लाहौल में निगरानी बढ़ाई गई है। शक्तिपीठों-मंदिरों और बिजली प्रोजेक्टों में भी सतर्कता बरती जा रही है। नाकों पर चेकिंग हो रही है। इसी बीच, हिमाचल पथ परिवहन निगम ने सोमवार को जम्मू, कटड़ा और उधमपुर जाने वाली तेरह बसें पठानकोट में ही रोक दीं।
हालात सामान्य होने तक जम्मू के लिए बस सेवा बंद कर दी है। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने कहा कि निदेशालय से आगामी निर्देशों के बाद ही बसें पठानकोट से आगे जम्मू के लिए भेजी जाएंगी। निगम के मंडलीय प्रबंधक (ट्रैफिक) पंकज सिंघल ने भी इसकी पुष्टि की है।
बटालियनों को स्टैंडबाय रहने के निर्देश
अलर्ट के बाद पुलिस की मूवमेंट भी शुरू हो गई है। जम्मू से सटी चंबा के तीसा सेक्टर के 250 किलोमीटर क्षेत्र, किहार सेक्टर में सुरक्षा चौकियों में आईआरबीएन और एसपीओ जवानों ने छोटी और लंबी दूरी की गश्त शुरू कर दी है।
पुलिस मुख्यालय ने सभी बटालियनों को स्टैंडबाय रहने के निर्देश दिए हैं। उन्हें किसी भी जरूरत पर तत्काल ड्यूटी पर भी प्रदेश के किसी भी हिस्से में भेजा जा सकता है।
