अगवा हुए 5 बच्चे पश्चिम बंगाल से बरामद

अगवा हुए 5 बच्चे पश्चिम बंगाल से बरामद

पटियाला : शहर के अलग-अलग इलाकों से अगवा 5 नाबालिग बच्चों को पटियाला पुलिस ने आज पश्चिमी बंगाल से बरामद कर लिया। इस संबंध में बच्चों के अभिभावकों ने पुलिस को रिपोर्ट लिखवाई थी। थाना सिविल लाइन के ए.एस.आई. गुरमेज सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम बच्चों को पश्चिमी बंगाल से लाने के लिए रवाना हो गई है।

 

एस.पी. सिटी दलजीत सिंह राणा ने कहा कि बाबू राम पुत्र रणजीत सिंह निवासी भारत नगर पटियाला ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका बच्चा धर्मेन्द्र अपने 2 साथियों जसविन्द्र सिंह पुत्र दया राम व प्रेम नाथ पुत्र लाजत निवासी कृष्णा कालोनी नाभा रोड पटियाला के साथ खेलने बाहर गया था, जिनको अज्ञात व्यक्ति अगवा करके ले गए।इस संबंधी सूचना मिलने के बाद एस.एस.पी. गुरमीत सिंह चौहान के दिशा-निर्देशों पर टीम का गठन किया गया। जब टीम ने जांच शुरू की तो इसी दौरान एक बच्चे के परिवार को एक फोन आया। जब उस नंबर की लोकेशन ट्रेस की गई तो वह पश्चिमी बंगाल के बंगूरा जिले के नकजूरी नाम के एक गांव की आई।

 

एस.पी. सिटी दलजीत सिंह राणा ने बताया कि इस संबंध में वहां के जिला एस.पी. के साथ संपर्क किया गया व आधिकारिक तौर पर चलाए गए ऑप्रेशन में 5 नाबालिग बच्चों को बरामद किया गया जिनमें से 3 की रिपोर्ट थाना सिविल लाइन में अगवा होने के संबंध में दर्ज है व 2 बच्चों के बारे में अभी तक पता नहीं चल पाया है कि वे कौन हैं क्योंकि उनके संबंध में किसी ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई है। बाकी तीनों की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टी हो चुकी है। एस.पी. राणा ने बताया कि सभी बच्चों की उम्र 14 से 15 वर्ष है। जिन 3 बच्चों की सूचना है, उनमें से धर्मेन्द्र 7वीं कक्षा का छात्र है व बाकी पढ़ाई छोड़ चुके हैं। एस.पी. राणा ने बताया कि बच्चों की बरामदगी संबंधी बच्चों के अभिभावकों को जानकारी दे दी गई है।

Related posts