
बरेली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने साफ कर दिया है कि वह मुख्यमंत्री के चेहरे के बिना ही उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या ने यहां प्रेस कॉफ्रेंस में कहा कि चुनाव जीतने के बाद ही पार्टी का संसदीय बोर्ड मुख्यमंत्री के बारे में फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी और सच्ची लोकतांत्रिक पार्टी है। पार्टी का हर कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का चेहरा है, इसलिए मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की आवश्यकता नहीं है।
केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि बीजेपी ने असम और दिल्ली में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था, जिनमें उसे असम में जीत मिली लेकिन दिल्ली में हार का सामना करना पड़ा। बाद में हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखण्ड में चेहरा घोषित किए बिना चुनाव लड़ा गया, वहां पार्टी की जीत हुई। बीजेपी नेता ने दावा किया कि सूबे के आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी और केंद्रीय संसदीय बोर्ड जिसका भी नाम घोषित करेगा, राज्य के विधायक उसे ही मुख्यमंत्री मानेंगे। बरेली के बाद बदायूं पहुंचे मौर्य ने विधानसभावार बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की।

