नौहराधार में आधा दर्जन सड़कें अभी भी बंद

नौहराधार (सिरमौर)। पिछले सप्ताह हुई भारी वर्षा तथा बर्फबारी के कारण क्षेत्र की आधा दर्जन से अधिक सड़कें अभी भी बंद हैं। हालांकि पिछले दो दिनो से क्षेत्र में लगातार चटख धूप खिली हुई है। बावजूद इसके कई इलाकों में भारी बर्फ जमी है। अभी तक खैरी-लाना चेता सड़क मार्ग चेवड़ी के पास भारी मलबे के कारण पूरी तरह से बंद है।
उधर हरिपुरधार-रोनहाट, हरिपुरधार-कुपवी, शिवपुर-अरठ, शिवपुर-सैंज आदि सड़कें अभी तक बंद पड़ी हुई हैं। विभाग इन सड़क मार्गों को खोलने में खासी मशक्कत कर रहा है।
ग्रामीण जगमोहन, पृथ्वी राज, भीम सिंह, सुनील तोमर आदि ने बताया कि क्षेत्र की सड़कें बेहाल हैं। सड़के अवरुद्ध होने के कारण उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। घर की आवश्यक वस्तुओं को बाजार से लाना मुश्किल पड़ गया है। अगर जल्द सड़क मार्ग नहीं खुले तो हालत बिगड़ जाएंगे।
उधर अधिशासी अभियंता लोनिवि मंडल संगड़ाह के यशपाल गुलेरिया ने बताया कि सड़कों पर विभाग के कर्मचारी दिन रात काम कर रहे हैं। जेसीबी मशीनें भी काम कर रही हैं। मौसम ने साथ दिया तो शीघ्र ही सड़कें चालू हो जाएगी।

Related posts