दुष्कर्म पीड़िता की मां ने थाने में की आत्मदाह की कोशिश

 

लाडवा : नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की मां ने आरोपी की गिरफ्तारी न करने से खफा होकर थाना परिसर में अपने ऊपर तेल छिड़क कर आग लगाने की कोशिश की। लाडवा पुलिस व महिला के साथ आए लोगों ने उसकी कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने महिला व साथ आए लोगों को आश्वासन दिया कि उनको इंसाफ मिलेगा। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

महिला का आरोप था कि 27 सितम्बर को उसने अपनी बेटी से दुष्कर्म करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज करवाया था लेकिन पुलिस ने आज तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की मां तथा उसके साथ आए सुखचरण सिंह, सुविंद्र सिंह, कुलवंत सिंह, मनजीत, गुरप्रीत सिंह, गुरदीप सिंह, कुलवंत कौर आदि ने कहा कि पुलिस आरोपियों से मिली हुई है। आरोपी बार-बार पीड़िता के परिवार को धमकियां दे रहे हैं लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। लाडवा थाना प्रभारी इंस्पैक्टर निर्मल कुमार व अन्य पुलिस कर्मियों ने मुश्किल से पीड़िता की मां को समझा-बुझाकर वापस भेजा और आश्वासन दिया कि आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी होगी।

आरोपी पकड़ने के लिए पुलिस ने कई जगह दबिश दी: निर्मल
थानाध्यक्ष इंस्पैक्टर निर्मल कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया हुआ है। पुलिस ने आरोपी को पकडऩे के लिए 2 टीमें गठित की हैं जो कई बार दबिश दे चुकी हैं लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को पीड़ित परिवार को उन्होंने नहीं बुलाया था और न कभी उन्होंने उनको प्रताडि़त करने का काम किया। वह जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे।

Related posts