
रेणुका जी: केंद्र सरकार एक साजिश के तहत मुझे निशाना बना रही है और मेरे खिलाफ झूठे मामले दर्ज करवाकर डराया जा रहा है लेकिन मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं। प्रदेश की जनता का प्यार व आशीर्वाद मेरे साथ है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह देर शाम अंतर्राष्ट्रीय रेणुका मेले में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मेरे खिलाफ आय के एक मामले में 3-3 एजैंसियों से जांच करवा रही है जोकि देश में अपने आप में एक विचित्र मामला है।
उन्होंने कहा कि यह काम केंद्र के एक मंत्री और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को भ्रष्टाचार मामले में बचाने के लिए करवा रहे हैं लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं। मैं केंद्र सरकार को सुझाव देता हूं कि अगर उसके पास मेरे आय के मामले की जांच करवाने के लिए पर्याप्त एजैंसियां नहीं हैं तो इसे अमरीका की जांच एजैंसी एफबीआई व स्काटलैंड पुलिस को सौंपे ताकि बेहतर जांच हो सके।
इस दौरान उद्योग और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि केंद्र में भाजपा नेतृत्व की सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से राज्य के भाजपा नेताओं के इशारे पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विरुद्ध विभिन्न जांच एजैंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की बेटी के विवाह वाले दिन उनके आवास पर सी.बी.आई. की छापामारी के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय ने वीरभद्र सिंह के सहयोगियों के परिसरों में छापामारी की है।
केंद्र की भाजपा सरकार कांग्रेस शासित प्रदेशों में डर और आतंक का माहौल पैदा करने के लिए केंद्रीय जांच एजैंसियों का दुरुपयोग करके लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गई लोकप्रिय सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह को निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि राज्य में उनके नेतृत्व में बनी सरकार पिछली भाजपा सरकार के शासनकाल के दौरान भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में राज्य कांग्रेस कमेटी द्वारा तैयार की गई चार्जशीट के आधार पर जांच कर रही है। मंत्रियों ने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि वीरभद्र सिंह के आयकर रिटर्न से जुड़े मात्र एक मामले में 3 विभिन्न केंद्रीय एजैंसियों ने जांच शुरू की है, जो पहले ही आयकर विभाग और अपीलीय प्राधिकरणों में लम्बित है।
प्रदेश कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, महासचिव राम लाल ठाकुर, कुलदीप सिंह पठानिया, प्रवक्ता सुभाष मंगलेट और केवल सिंह पठानिया ने यहां जारी संयुक्त बयान में कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ आए दिन भाजपा नेताओं द्वारा रचे जा रहे षड्यंत्रों से कांग्रेस विचलित होने वाली नहीं है। यह षड्यंत्र कभी भी सफ ल नहीं होगा और इसको रचने वालों को फिर से मुंह की खानी पड़ेगी।
