मारपीट के आरोप में पूर्व विधायक सहित 4 पर केस

नूरपुर: नूरपुर थाना के तहत खुबाडा गांव में मारपीट का मामला थाने में दर्ज किया गया है, जिसमें पूर्व विधायक राकेश पठानिया सहित 4 लोगों के खिलाफ पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धारा 452, 504, 323 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय निवासी खुबाडा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने घर में शाम के समय बैठा हुआ था तथा उसके घर में मीरा (काल्पनिक) नाम की लड़की जोकि उसके साथ अपनी मर्जी से कुछ समय से रह रही थी, भी उसके परिवार के साथ बैठी हुई थी। इस दौरान अचानक अजय सिंह, राकेश पठानिया, करतार सिंह व महाशु शाह उसके घर आए तथा मीरा को अपने साथ ले जाने के लिए कहने लगे।

 

पीड़ित विजय के अनुसार उसने इसका विरोध किया तो उक्त सभी लोगों ने उसके साथ मारपीट की व मीरा को अपने साथ ले गए। इस संदर्भ में डीएसपी ने बताया कि उक्त मामला ध्यान में आया था जिसके चलते पुलिस द्वारा पूरी जांच की गई है। उन्होंने कहा कि उक्त लड़की अपने ही घर में पाई गई है। पुलिस ने इस संदर्भ में 4 लोगों के खिलाफ 452, 504 तथा 323 के तहत मामला दर्ज किया है तथा तफ्तीश जारी है। रविवार तक लड़की के बयान कलमबद्ध किए जाएंगे।

Related posts