

उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली हलके को विकास माडल बनाने के अलावा यहां स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।
सरकार घर द्वार पर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने के लिए कृतसंकल्प है। उद्योग मंत्री वीरवार को खड्ड गांव में पीएचसी का शुभारंभ, हीरां में उद्योग विभाग की ओर से 15 लाख की लागत से निर्मित बाबा बंदा सिंह बहादुर वर्षाशालिका का लोकार्पण और बाथू में 75 लड़कियों को सिलाई मशीनें प्रदान करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उद्योग मंत्री ने कहा कि हरोली हलके में निजी क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज खोलने को मंत्रिमंडल ने मंजूरी प्रदान की है। मेडिकल कॉलेज व अस्पताल बनने से लोगों को यहीं पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। आपात स्थिति में पीजीआई चंडीगढ़ या सीएमसी लुधियाना नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हरोली में 11 करोड़ से सिविल अस्पताल व माडर्न रिसर्च हेल्थ सेंटर बन रहा है।
दुलैहड़ में पीएचसी को सीएचसी के रूप में स्तरोन्नत किया गया है। पंजावर में पीएचसी भवन बनाया गया है। खड्ड में भी पीएचसी का भव्य भवन बनाया जाएगा। पालकवाह को पीएचसी दी गई है और इसके भवन के लिए 95 लाख की राशि प्रदान की गई है। पालकवाह पंचायत के कर्मपुर में भी स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन बनेगा।
नए टाउनशिप विकास पर विशेष ध्यान
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में निवेश को आकर्षित करने के लिए उद्योगों को आकर्षक प्रोत्साहन, रियायतें एवं सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। नए टाउनशिप विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हरोली में 132 केवी का विद्युत सब स्टेशन बनेगा और 10 करोड़ से कामन सुविधा केंद्र निर्मित किया जाएगा। सिंगा से बाथू तक सड़क के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
ये रहे मौजूद
हरोली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, अशोक ठाकुर, पवन ठाकुर, सुमन ठाकुर, सुरेखा राणा, अमनदीप मोनी, राकेश दत्ता, गुरमुख सिंह राणा, केहर सिंह, विपन राणा, चौधरी प्रमोद, जगदेव दत्ता, विक्रम सिंह दत्ता, विधि चंद, कर्मचंद, डॉ. अशोक गुप्ता, डॉ. प्रकाश, डॉ. मनकोटिया, अंशुल धीमान, अमित शर्मा, भोलानाथ, सोमनाथ, रमेश राणा, पवन शर्मा, सुरेंद्र, मलकियत व प्रकाश सहित अन्य उपस्थित थे।
