
कुल्लू। अधिष्ठाता देव भगवान रघुनाथ मंदिर में चोरी के बाद मंदिरों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके लिए पुलिस ने लगभग सभी मंदिरों का डाटा बैंक तैयार कर सरकार को रिपोर्ट भेज दी है। वहीं, पुलिस मंदिर कमेटियों के साथ भी अलग-अलग बैठक कर सुरक्षा के प्रबंधों पर चर्चा की गई। पुलिस ने मंदिर कमेटियों को कहा है कि अगर किसी चौकीदार को तैनात करने के लिए हथियार की आवश्यकता है तो उसके लिए आवेदन करें। पुलिस इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेगी। पुलिस ने सभी मंदिर कमेटियों को एक एडवाइजरी जारी कर कहा है कि सभी मंदिरों में सीसीटीवी कैमरा, अलार्म सिस्टम तथा बाउंडरी दीवार लगाई जाए। वहीं, मंदिर की संपत्ति और सोने चांदी की मूर्तियों को रखने के लिए भी पुख्ता प्रबंध किया जाए। इसके अलावा डिफेंस कमेटी का भी अलग से गठन करने को कहा गया है। वहीं, पुलिस ने जिला के लगभग सभी मुख्य मंदिरों की मूर्तियों के फोटो भी ले लिए हैं। संपत्ति की डिटेल भी अपने पास तैयार कर ली है।
डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने जिला के लगभग सभी मंदिरों और मूर्तियों तथा संपत्ति का एक डाटा बैंक तैयार कर लिया है, जिसकी रिपोर्ट सरकार को भेजी गई है।
बाक्स..
कई मंदिर कमेटियों से नहीं मिल रहा सहयोग
जिला के कई मंदिरों की सुरक्षा के लिए पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। मंदिर कमेटी के लोग पुलिस को सहयोग नहीं कर रहे हैं। कई स्थानों पर मंदिर में फोटो नहीं लेने दिए जा रहे हैं तो कहीं पुलिस को किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी जा रही है। डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने मंदिर कमेटियों से सहयोग की अपील की है।
