
लारजी (कुल्लू)। सड़क की खस्ता हालत को लेकर सैंज टैक्सी यूनियन ने परियोजना प्रबंधक के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। यूनियन के सदस्यों का कहना है कि यहां बन रही बिजली परियोजना ने सैंज से लेकर नियुली तक दस किमी लंबी सड़क को पक्का करने की जिम्मेदारी ली थी, लेकिन इसके बावजूद सड़क की हालत लगातार खस्ता होती जा रही है। हालांकि, सड़क की हालत सुधारने के लिए कई बार परियोजना प्रबंधन से बात भी की गई, लेकिन सड़क की दशा सुधारने के लिए कोई कड़े कदम नहीं उठाए जा सके। यूनियन के प्रधान हरि राम चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि सैंज-नियुली सड़क पर गड्ढों की भरमार है। इससे सड़क पर चलने से वाहनों को नुकसान हो रहा है और आम जनता परेशान है। छह पंचायतों को जोड़ने वाली यह सड़क गड्ढे और कीचड़ से भरी रहती है। लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इस सड़क के सिउंड तक के चार किमी के हिस्से को पक्का करने की जिम्मेदारी एनएचपीसी प्रबंधन ने ली है और आगे नियुली तक पक्का करने के लिए एचपीपीसीएल ने हामी भरी है। उन्होंने कहा कि परियोजना प्रबंधन सड़क को जानबूझ कर पक्का नहीं कर रहा है। कई बार सड़क की हालत को सुधारने के लिए गुहार लगाई जा चुकी है। हर बार टेंडर करवाने का कोरा आश्वासन दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर एक माह के भीतर सड़क को पक्का नहीं किया गया तो दोनों परियोजनाओं का निर्माण कार्य बंद करवाकर प्रबंधन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस अवसर पर यूनियन के कार्यालय प्रभारी ओम प्रकाश, कोषाध्यक्ष राकेश शर्मा, अनूप शर्मा, मेहर चंद, कुंदन लाल, वीर सिंह, बुद्धि सिंह, कमलेश कुमार सहित यूनियन के दर्जनों सदस्य उपस्थित थे। उधर, एचपीपीसीएल के महाप्रबंधक रमेश चौधरी ने कहा कि सड़क पर गड्ढे भरने के लिए मजदूर लगाए हुए हैं। जल्द सड़क को पक्का किया जाएगा।
