
हरोली (ऊना)। क्षेत्र के एक निजी शिक्षण संस्थान में बीटेक की छात्रा पर तेजाब फेंकने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आए दिन मिल रही जानलेवा धमकियों से परेशान होकर पीड़ित छात्रा ने हरोली पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। धमकी देने वाला युवक पीड़ित छात्रा का ही सहपाठी है। बताया जा रहा है कि वह आए दिन छात्रा पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा है, जिससे छात्रा काफी परेशान चल रही है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित छात्रा ने शिकायत दर्ज करवाई कि बीते दिन वह अपने क्लासरूम जा रही थी, तो उसका सहपाठी रणजीत निवासी दुलैहड़ उसे तंग करने लगा और कहा कि वह उसके साथ शादी करे या फिर सुसाइड कर ले। इतना ही नहीं, इस दौरान आरोपी रणजीत ने उस पर तेजाब फेंकने की भी धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि आए दिन वह उसे कालेज छोड़कर शादी करने का भी दबाव बना रहा है। इस बाबत उनसे अपने परिजनों को अवगत करवाया। इसके बाद छात्रा ने पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। उधर, पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित छात्रा की शिकायत के आधार पर दुलहैड़ निवासी युवक रणजीत के खिलाफ आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि युवक की गिरफ्तारी को पुलिस ने टीमें भेज दी हैं।
