अंब की सड़कों पर नैनो में सवार गैंग की दहशत

अंब (ऊना)। अंब की सड़कों पर सफेद रंग की नैनो में सवार युवकों की एक गैंग ने दहशत फैला रखी है। नैनो के साथ-साथ कुछ बाइक सवार भी चलते हैं। ये कार के अगल-बगल रहते हैं। रात होते ही गैंग सड़कों पर आ जाती है। सुनसान जगह आते ही कार और बाइक पर सवार यह गैंग के सदस्य सामने से आ रहे वाहन चालकों में दहशत फैलाने के लिए जोर-जोर से चीखते हैं।
शरारती तत्व रात के वक्त सड़कों पर जमकर उत्पात मचाकर फरार हो जा रहे हैं। रात 11 बजे के बाद अचानक गैंग सन्नाटे को चीरते हुए आगे बढ़ती है। रास्ते में आने वालों को अपना शिकार बना कर गाड़ी की लाइट बंद कर वहां से फरार हो जाते है। रोशन लाल, महेंद्र सिंह, विक्रम, एनके शर्मा, रविंद्र कुमार, मनोज कुमार का कहना है कि उन्होंने रात के समय नैनो कार में इस गैंग को हुड़दंग मचाते देखा है। गैंग ने उनका ध्यान भटकाने की कोशिश भी की लेकिन वे किसी तरह से बच गए।
बाइक सवार भी कार के साथ होते हैं। थाना प्रभारी अंब ओम प्रकाश का कहना है कि मामला उनके ध्यान में आया है। पुलिस नाका लगाने की तैयारी कर रही है। कानून तोड़ने और इस तरह की दहशत फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

रोपड़ निवासी को बनाया शिकार
शनिवार रात करीब 11 बजे इस गैंग ने रोपड़ निवासी हरदेव को शिकार बनाया। हरदेव अपनी गाड़ी में सवार होकर तलवाड़ा जा रहे थे। कार और बाइक सवारों ने हरदेव का ध्यान भटकाया। इससे हरदेव हादसे का शिकार हो गए। हालांकि, उन्हें हल्की चोटें लगीं। जब हरदेव ने कार और बाइक पर सवार युवाओं से बात की तो गैंग ने उन्हें घेर लिया। मारपीट पर उतारू हो गए। हरदेव ने किसी तरह जान बचाई।

Related posts