
मनाली। प्रदेश की सबसे बड़ी होटल एसोसिएशन मनाली के सभी पदों के लिए चार अगस्त को मतदान होगा। वर्तमान प्रधान अनूप राम ठाकुर और पूर्व प्रधान गजेंद्र ठाकुर के पैनलों के बीच मुख्य मुकाबला बताया जा रहा है। रविवार को सभी पदों के प्रत्याशियों ने डोर टू डोर प्रचार कर अपने पक्ष के लिए वोट मांगे हैं। प्रधान पद के अलावा इस बार उपप्रधान, महासचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष और प्रेस सचिव मतदान के जरिये चुने जाने हैं। चुनाव को पूरी पारदर्शिता के साथ निपटाने के लिए पूर्व विधायक
चंद्रसेन ठाकुर की अध्यक्षता वाली समिति ने पूरी तैयारी कर रखी है। करीब 351 सदस्य अपने मत से नई कार्यकारिणी को चुनेंगे। बाकी सीटों पर सभी प्रत्याशी एक-एक पद पर अपने भाग्य को आजमा रहे है लेकिन सुशील कुमार महासचिव और सहसचिव के दो पदों पर चुनाव लड़ रहे हैं। खास कर प्रधान पद के लिए वर्तमान प्रधान अनूप राम ठाकुर और पूर्व प्रधान गजेंद्र ठाकुर के बीच कड़ा मुकाबला होने के आसार हैं। दोनों पैनलों के प्रत्याशी तमाम सदस्यों के दरवाजों पर दस्तक देकर वोट और सपोर्ट की अपील कर रहे हैं। वर्तमान प्रधान अपने पैनल के सदस्यों को साथ लेकर वोट और सपोर्ट का अनुरोध कर रहे हैं तो वहीं एक बार प्रधान और 17 बार उपप्रधान रह चुके गजेंद्र ठाकुर का पैनल भी जीत का परचम लहराने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहा है। अनूप राम ठाकुर ने कहा कि दोबारा प्रधान बनने पर अधूरे कार्य को पूरा करेंगे। दूसरी ओर पूर्व प्रधान गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि उनका पैनल चुनने पर कुल्लू के अनछुए पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए प्रयास करेंगे और मनाली के तमाम पर्यटन कारोबारियों की समस्याओं को सबके साथ मिल बैठकर हल करने का अथक प्रयास करेंगे। सरकार से ठोस नीति बनाने के लिए आग्रह करेंगे।
