
नंगल (रूपनगर)। नंगल की आनंदपुर साहिब हाइडल नहर के किनारे बने सात खोखों के शनिवार देर रात चोरों ने ताले तोड़ डाले। चोर यहां से सामान और नकदी पर हाथ साफ कर गए। नंगल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जूतों का खोखा चलाने वाले नरेश कुमार राणा ने बताया कि चोर उसके खोखे का ताला तोड़ 6500 रुपये की नगदी और लगभग 25 हजार रुपये के जूते ले गए। चरण सिंह की मानें तो उसके खोखे से चोर लगभग 40 हजार का सामान ले उड़े। इस तरह मनोज कुमार लहरी के खोखे का भी ताला तोड़ चोर काफी संख्या में जूते ले गए। इस तरह कपड़े के खोखा मालिक रिंकू ने भी हजारों का सामान चोरी होने की बात कही। एक ही लाइन में खोखों के ताले टूटने की घटना से खोखा मालिकों में दहशत का माहौल है। हैरानी की बात कि नंगल थाना के नजदीक इस मार्ग पर हर समय ट्रैफिक का आना-जाना लगा रहता है और चोरों के बुलंद हौसले व बिना किसी डर के की गई उक्त चोरी की यहां खूब चर्चा है। उधर, डीएसपी बलराज सिंह चोरी मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामलों के संदर्भ में जांच तेज कर दी है।
