एक दर्जन सड़कों पर बस सेवा ठप

कुल्लू। जिले में हो रही बारिश से करीब एक दर्शन सड़कें प्रभावित हुई हैं। इन सड़कों पर बस सेवा ठप होने से करीब 30 पंचायतों की हजारों की आबादी को परेशानी उठानी पड़ रही है। करीब दो सप्ताह से पेश आ रही इस समस्या से लोगों को मीलों का पैदल सफर कर बसें पकड़नी पड़ रही हैं। वहीं, मुख्य मार्ग औट-लुहरी मार्ग नेशनल अथॉरिटी के लिए भी परेशानी का सबब बना हुआ है। जिले के बंजार विस क्षेत्र में बंजार-छतरी वाया गाड़ागुशैणी, बंजार पेखड़ी तथा बंजार जौरी, कुल्लू-मलाणा, कुल्लू-पीज, आनी डिवीजन की निरमंड-अरसू-सराहन, अरसू-डीम, मुहाली-सरगा तथा कुठेड़-करशाला, खनाग-रोहचला आदि सड़कों पर बसों की आवाजाही बंद चल रही है। अगले कुछ दिनों में सेब सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में बंद सड़कों के चलते बागवानों को चिंता सता रही है। घाटीवासी शंकर देव, राजेंद्र ठाकुर, प्रेम ठाकुर, किशोरी लाल, बालक राम, मोहर सिंह, राजू तथा तेज राम ने कहा कि बारिश से हुए भूस्खलन से सड़कें बंद चल रही हैं। इससे बस सेवा प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने लोनिवि से बंद सड़कों को जल्द बहाल करने की मांग की है। उधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि भूस्खलन और डंगे ढहने से बंद सड़कों को बहाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौसम साफ रहा तो दो-तीन दिन में सभी सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

Related posts