कांगड़ा और चंबा इलेवन ने जीते मैच

चंबा। मिंजर मेला फुटबाल प्रतियोगिता का पहला मैच चंबा इलेवन व हरिपुर क्लब की टीम के बीच खेला गया। इस मैच में एकतरफा मुकाबले में चंबा इलेवन की टीम ने हरिपुर क्लब की टीम को 6-0 से पराजित किया। दूसरा मैच साईं फुटबाल क्लब कांगड़ा और फुटबाल क्लब मुगला के बीच हुआ। इस मैच में कांगड़ा की टीम ने शुरू से ही 1-0 से बढ़त बना ली थी, लेकिन मध्यांतर से ठीक पहले मुगला की टीम ने एक गोल दागकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। इस मैच का निर्णय टाई ब्रेकर से हुआ, जिसमें कांगड़ा की टीम ने 4-3 से मैच जीत लिया। मनदीप क्लब गुरदासपुर और मॉर्निंग क्लब चंबा के बीच खेले गए प्रतियोगिता के तीसरे मैच का निर्णय भी टाई ब्रेकर से हुआ। इसमें मॉर्निंग क्लब चंबा ने मनदीप क्लब गुरदापुर को 3-2 से मात दी। प्रतियोगिता का चौथा मैच अंबेडकर क्लब चंबा और केवीएस के बीच खेला गया। एकतरफा मुकाबले में अंबेडकर की टीम ने केवीएस को 3-0 से हराया। अंबेडकर क्लब की ओर से सलमान ने दो और शैंकी ने एक गोल किया। दोपहर बाद केवीएस खैरी व चंबा इलेवन के बीच खेले गए मैच में चंबा ने केवीएस खैरी को 2-0 से शिकस्त दी। इस मैच में चंबा के खिलाड़ी उमेश ने दो गोल किए। इसके बाद साईं फुटबाल क्लब कांगड़ा की टीम ने जम्मू की टीम को 5-0 से हराया। हिप्र फुटबाल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश खन्ना ने प्रतियोगिता के शुभारंभ पर खिलाड़ियों से परिचय किया और आशीर्वाद दिया।

Related posts