
चंबा। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा फीस में की गई 30 प्रतिशत वृद्धि के विरोध में वीरवार को एबीवीपी ने पूरे जिले में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश सरकार व एचपीयू के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। एबीवीपी के जिला संगठन मंत्री विक्रम शर्मा ने बताया इस फीस वृद्धि को वापस नहीं लिया गया तो एबीवीवी मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के अन्य मंत्रियों का घेराव करेगी। चंबा कॉलेज में भी एबीवीपी ने फीस वृद्धि के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर इकाई सचिव अश्वनी ठाकुर ने कहा कि इस फीस वृद्धि के लिए एचपीयू व प्रदेश सरकार जिम्मेदार है। उनकी मिलीभगत के कारण फीस में बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा इसमें सीएससीए का भी हाथ है। उन्होंने कहा कि विवि की सीएससीए विवि प्रशासन के इशारों पर नाचती है, जबकि छात्र हित के कार्यों का ढिंढोरा पीटकर छात्रों को गुमराह करती है। जिला संगठन मंत्री विक्रम शर्मा ने कहा कि एसएफआई अगर वाकई छात्र हित के लिए संघर्ष करती है तो उनकी मांगें पूरी किसलिए नहीं होतीं। इस अवसर पर भुवनेश, विजय, चैन लाल, विनोद कुमार, नेकराज और सुनील मौजूद रहे।
