रिवालसर को उपतहसील का दर्जा दिलाएंगे

रिवालसर (मंडी)। आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने अभिभावकों तथा अध्यापकों का आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को हमेशा आगे बढ़ने की भावना के लिए प्रेरित करें ताकि वे आज के प्रतिस्पर्धा के दौर में हर चुनौती का सुगमता से मुकाबला करने में सक्षम हो सकें।
शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिवालसर के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि रिवालसर तथा आसपास के क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया हुआ है तथा वर्तमान में इस क्षेत्र में तीन करोड़ 77 लाख की राशि सड़क निर्माण के कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में 56 लाख रुपये की लागत से बिहूंधार-सिध्याणी, 67 लाख की लागत से रियूर-हवाणी वाया तलाई तथा रिवालसर में 20 लाख की लागत से विश्राम गृह का निर्माण भी सम्मलित है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में बल्ह विधानसभा क्षेत्र में 19 संपर्क सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ 90 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करवाई गई है, जिनका निर्माण कार्य एक माह में पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिवालसर कालेज के लिए भवन का निर्माण के साथ ही प्रवक्ताओं के पदों को भरा जाएगा। भविष्य में लेदा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा रिवालसर को उप तहसील का दर्जा प्रदान किया जाएगा। उन्होंने पथ परिवहन निगम के अधिकारियों को रिवालसर से दिल्ली वाया मंडी बस चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने रिवालसर स्कूल में स्टेडियम निर्माण, पांच शौचालय तथा ग्रीन रूम बनाने की भी घोषणा की। महिला मंडल रिवालसर को एक लाख तथा गरलौणी को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। चौधरी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए बच्चों को ऐच्छिक निधि से सात हजार देने की घोषणा की। प्रधानाचार्य कुसुम कपूर ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस मौके पर बल्ह कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, नगर पंचायत रिवालसर के अध्यक्ष बंसी लाल ठाकुर, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पवन गुप्ता, राजीव गांधी पंचायती राज प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सागर कमल, कृष्णा चौधरी, हरीश शर्मा, हरभजन, कर्म सिंह सैणी, संजीव कुमार तथा हेतराम उपस्थित थे।

Related posts