
आनी (कुल्लू)। कानून व्यवस्था को बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आम नागरिक पुलिस का सहयोग करे ताकि प्रदेश व देश में शांति व स्थिरता बनी रहे। यह बात शनिवार को पुलिस अधीक्षक कुल्लू सुरेंद्र वर्मा ने पुलिस थाना आनी में रोड सेफ्टी क्लब व पुलिस सामुदायिक योजना की बैठक के दौरान कही। एसपी ने कहा कि जिला कुल्लू में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चरस तस्करों तथा माफिया से जुडे़ अन्य लोगों पर पुलिस कड़ा शिकंजा कस रही है। उन्होंने कहा कि इन बुराइयों को खत्म करने के लिए जनता भी पुलिस की मद्दगार बने। एसपी ने ड्रग्स व चरस जैसी खतरनाक बुराइयों से युवाओं को बचाने के लिए गांव गांव में जागरूकता लाने की बात कही। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने के लिए हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल व आडियो वीडियो प्लेयर का प्रयोग न करने, नशे की हालत में ड्राइविंग न करने और बिना परमिट, बिना लाइसेंस, बिना आरसी के वाहन न चलाने व ओवरलोडिंग, ओवर स्पीड तथा प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करने का आह्वान किया। अधीक्षक ने कहा कि पुलिस रिश्वतखोरों के खिलाफ भी नकेल कस रही है और दोषी व्यक्तियों को बक्शा नहीं जाएगा। इससे पूर्व उन्होंने पुलिस थाना आनी का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक आनी सुनील नेगी ने बताया कि रातों रात लखपति बनने के चक्कर में कई लोग लॉटरी व मोबाइल लाटरी से जुडे़ कबूतरबाजों के चंगुल में फंसकर अपना पैसा बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे प्रलोभनों से बचने का आह्वान किया और गांव-गांव में फेरी के रूप में घूम रहे ठगों एवं लुटेरों से बचने की भी अपील की। उन्होंने क्षेत्र में मजदूरी करने आए अप्रवासी मजदूरों का पुलिस में पंजीकरण करवाने पर भी बल दिया। इस मौके पर थाना प्रभारी रोहित मृगपुरी, एएसआई नरेंद्र सिंह, विनोद कुमार नेगी, मोहन सिंह व पुष्पदेव के अलावा पुलिस सामुदायिक योजना व रोड सेफ्टी क्लब के विनोद चंदेल, शशि मल्होत्रा, नूरदास, चमन खाची, पूर्ण चंद, अतिरिक्त सहायक अभियंता ई. एमडी अकेला, फकीर चंद वर्मा व दलीप डिसूजा सहित अन्य कई टैक्सी व ट्रक ऑपरेटर उपस्थित थे।
