
कुल्लू। गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ का फेडरल हाउस बुधवार को सीनियर सेकेंडरी स्कूल ढालपुर में हुआ। राज्य स्तरीय फैडरल हाउस की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर ने की। इसमें प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के अलावा, जिला अध्यक्ष, महासचिव, राज्य स्तरीय जलवाहक संघ के अध्यक्ष, महासचिव, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष और महासचिवों ने भाग लिया। बैठक में लंबित मांगों पर प्रस्ताव पारित किए गए। इसमें रूसा शुरू होने से महाविद्यालयों में अधीक्षक ग्रेड-1 के पद भरने, सभी शिक्षण संस्थानों में लिपिकों के लगभग 2000 रिक्त पद भरने, शिक्षा विभाग में 8 वर्ष पूरा कर चुके जलवाहकों को नियमित करने को लेकर प्रस्ताव पारित किए गए। 4-9-14 की संबंधित अधिसूचना का विरोध किया गया। साथ ही इसे निरस्त करने को कहा गया। नए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में गैर शिक्षकों के पद पुरानी पद्धति के अनुसार भरने को लेकर प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष बालकृष्ण कपूर, अतिरिक्त महासचिव मनीष गुलेरिया, उपाध्यक्ष बली राम गर्ग, सलाहकार नरेंद्र ठाकुर, विधि सलाहकार चमन ठाकुर, वित्त सचिव अमृत राज सांजटा, जिला शिमला के प्रधान अश्वनी चौहान, मंडी के प्रधान दिनेश शर्मा, कांगड़ा के प्रधान उदय राणा, हमीरपुर के प्रधान सोमनाथ, ऊना के प्रधान पवन शर्मा, कुल्लू के प्रधान भोपाल टाईगर, सोलन के प्रधान टिकम ठाकुर सहित गैर शिक्षक अधीक्षक ग्रेड-2, क्लर्क, चपरासी, अंशकालीन जलवाहक और अनुबंध लिपिक मौजूद रहे।
