कैबिन में घुस कर पीट डाला बैंक मैनेजर

कुल्लू। जिला मुख्यालय में पीएनबी (पंजाब नेशनल बैंक) की अखाड़ा बाजार शाखा में तैनात मैनेजर के साथ मारपीट और गालीगलौज का मामला सामने आया है। मारपीट में मैनेजर के शरीर पर चोटें भी आई हैं। इसके चलते उन्हें अस्पताल में इलाज करवाना पड़ा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 332 और 353 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मिली जानकारी के मुताबिक पीएनबी शाखा अखाड़ा बाजार में तैनात मैनेजर ने मारपीट को लेकर सदर थाना में केस दर्ज करवाया है। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने कहा है कि मंगलवार शाम को करीब चार बजे वह अपने कैबिन में अपना काम कर रहे थे कि इसी दौरान एक शख्स उनके
कैबिन में जा घुसा और बिना जमीन गिरवी रखे पचास लाख रुपये का लोन पास करने को कहा। जब मैनेजर ने नियमाें का हवाला देकर ऐसा करने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने कुर्सी पर बैठे मैनेजर पर लात घूंसों की बरसात कर पिटाई कर डाली। जिला पुलिस के आधिकारिक प्रवक्ता डीएसपी हेडक्वार्टर संजय शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि बैंक मैनेजर के सरकारी कर्मचारी होने के चलते यह मामला काफी संगीन हो गया है। लिहाजा, सरकारी काम में बाधा डालने के लिए आरोपी पर केस दर्ज कर उसकी धरपकड़ को पुलिस टीमें उसके संभावित ठिकानों की ओर रवाना कर दी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होगा।

Related posts