
कुल्लू। मौहल क्षेत्र के शनि देव मंदिर में रविवार देर रात चोरों ने मंदिर के बाबा से मारपीट कर लाख से ज्यादा नकदी लूट ली। पुलिस ने अज्ञात लुटरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मौहल स्थित शनिदेव मंदिर में रविवार देर रात कुछ अज्ञात शख्स मंदिर में घुस गए। मंदिर के बाबा के बयान के अनुसार मंदिर परिसर में घुसे इन तीन-चार लोगों ने उनकी कुटिया में घुसकर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद ये शख्स बाबा की कुटिया और मंदिर परिसर के दानपात्रों से नकदी लूट कर ले गए। एसपी कुल्लू सुरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि मंदिर के बाबा के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही कुल्लू थाना प्रभारी एसएचओ नीलचंद शर्मा को मौके पर छानबीन के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि मंदिर से चोर एक चांदी के छत्र समेत करीब डेढ़ लाख पर हाथ साफ कर गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। मामले में संदिग्धोें से पूछताछ की जा रही है। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
उधर, मौहल पंचायत की प्रधान ईश्वरा देवी और जरड़-भुट्टी कालोनी के उपप्रधान छज्जू ने मंदिर में चोरी की वारदात की निंदा की है।
