लो वोल्टेज से लाखों के उपकरण खराब

संतोषगढ़ (ऊना)। क्षेत्र के वार्ड नंबर आठ में शनिवार देर रात अचानक बिजली आपूर्ति कम हो जाने के कारण आठ घरों के फ्रिज एवं कूलर खराब हो गए। लोगों के घरों में वोल्टेज अचानक कम हो जाने से ऐसा हुआ।
वार्ड निवासी दीपक कुमार, विशाल पटियाल, पवन कुमार, बॉबी आदि ने बताया कि वार्ड में पिछले कई दिनों से रोज वोल्टेज घट रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि वार्ड के कुछ लोगों के घरों में थ्री फेस की लाइन ट्रांसफार्मर से जोड़ने के बजाए बिजली के खंभों से ही जोड़ दी गई है। इस कारण आए दिन वोल्टेज कम हो रही है। वहीं शनिवार को अचानक वोल्टेज कम हो जाने से वार्ड में लोगों के घराें में लगे फ्रिज, कूलर जैसे उपकरण खराब हो गए। इन लोगों ने बताया कि विद्युत बोर्ड की लापरवाही से लोगों का लाखों रुपये का नुकसान भी हो गया। रात को विद्युत आपूर्ति बंद होने के कारण भयंकर गर्मी से राहत पाने के लिए लोग सड़कों पर घूमते रहे। लोगाें ने कहा कि रात को काफी देर तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने पर वार्ड के लोगों ने जब विद्युत बोर्ड के एक अफसर को फोन करके विद्युत आपूर्ति ठप होने की सूचना दी तो अफसर ने जवाब दिया कि रात को हमारी ड्यूटी नहीं है। समस्या का हल न निकालने पर लोगों की अफसर से बहस भी हुई। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही संतोषगढ़ के विद्युत बोर्ड के कार्यालय में रात के समय स्टाफ तैनात किया जाए।
विद्युत बोर्ड के एसडीओ मोहन लाल ने कहा कि रात को ही इलाके में विद्युत आपूर्ति बहाल की गई थी। लाइन में फाल्ट की वजह से समस्या हुई थी। उन्होंने कहा कि विद्युत बोर्ड लोगों को बेहतर सेवाएं देने के लिए पूरे प्रयास कर रहा है।

Related posts