
धुसाड़ा (ऊना)। क्षेत्र के एक गांव में महबूबा से मिलने आए आशिकों की गांव की महिलाओं ने ऐसी धुनाई की कि वह महिलाओं के पांव पकड़कर माफी के गिड़गिड़ाते रहे। लेकिन महिलाओं ने इन मनचलों की खूब छित्तरपरेड करने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। जिस महिला से यह युवक मिलने आए थे, उस महिला को भी ग्रामीण महिलाओं के कहने पर पुलिस अपने साथ ले गई।
जानकारी के अनुसार गांव की एक महिला के कई लोगों से संबंध बताए जा रहे हैं। इस महिला के पति का निधन हो चुका है। इलाके की महिलाओं ने पुलिस को बताया कि यह महिला कई युवकों को अपने घर पर बुला लेती थी, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा था। इस समस्या से निजात पाने के लिए गांव की महिलाओं ने योजना बनाकर बीती रात महिला के घर पर आए आशिक को पकड़ने की कोशिश की। आशिक तो भागने में सफल रहा लेकिन महिलाओं ने उक्त महिला की पिटाई कर दी। महिलाओं ने उसका मोबाइल भी छीन लिया। सुबह होते ही उक्त महिला के मोबाइल पर फिर से फोन आने का सिलसिला शुरू हो गया। इस पर महिलाओं ने योजना बनाकर मनचलों को सबक सिखाने का काम शुरू कर दिया। योजना के तहत एक अन्य महिला ने उक्त महिला के मोबाइल पर उसके आशिक से बात की तथा उसे गांव में बुला लिया। कुछ समय बाद युवक बाइक पर आया और महिला के घर के आसपास घूमने लगा, जहां पर पहले से छुपकर बैठी गांव की महिलाओं ने युवक को धर दबोचा। महिलाओं ने आशिक की छित्तर परेड करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद ऐसे ही कई और मनचलों के फोन आते रहे। ग्रामीण महिलाएं उन्हें गांव बुलाती रही और पिटाई के बाद उन्हें पुलिस के हवाले करती रही। महिलाओं ने शनिवार शाम तक पांच युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
चेतावनी देकर छोड़ा
डीएसपी अंब सागर चंद्र ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि महिला और उक्त युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। स्थानीय पंचायत प्रधान को मामला सौंपते हुए कहा गया है कि पंचायत इस मसले को सुलझाने का प्रयास करे। पुलिस का भी पूरा सहयोग रहेगा।
