भाजपा नेता की पत्नी से लूट, कार भी ले गए

नंगल (रूपनगर)। नंगल भाजपा मंडल के पूर्व महासचिव विपिन कुमार की धर्मपत्नी प्रवीन के साथ शनिवार को जालंधर में लूटपाट हुई। वह इलाज के लिए जालंधर के किडनी अस्पताल में गई थी। उपचार के उपरांत वह कुछ देर के लिए अस्पताल के बाहर कार में ही एसी चलाकर आराम कर रही थीं। कार चालक संदीप अस्पताल में बिल आदि का भुगतान करने में मशगूल था।
इस दौरान दो युवक आए और कार में सवार हो गए। स्टार्ट कार संख्या पीबी-12टी-0455 को इन शातिरों ने दौड़ा दिया। अचानक हुई इस घटना और शातिरों के मंसूबों को समझने में प्रवीन भांबा को देर न लगी। हालांकि घटना के दौरान ड्राइवर संदीप कुमार ने भी कार के ऊपर छलांग लगा दी लेकिन कार की तेज रफ्तार की वजह से संदीप कार से नीचे गिर गया। महिला इन शातिरों को गाड़ी रोकने के लिए कहती रही। बाद मेें शातिरों ने महिला के गले से सोने की चेन खींच ली और महिला को चलती कार से बीएमसी चौक कूल रोड के नजदीक नीचे फेंक दिया और कार लेकर फरार हो गए। घटना के बाद कुछ लोगों और महिला ने प्रवीन को उठाया और अस्पताल पहुंचाया। जहां प्रवीन को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। इस संबंध में एक शिकायत जालंधर के मॉडल टाउन चौकी नंबर-6 में दर्ज करवाई गई है।
घटना की जानकारी यहां कैबिनेट मंत्री मदन मोहन मित्तल को मिलते ही उन्होंने तुरंत एसएसपी जालंधर से बात की। इसके उपरांच पुलिस ने कार सवार युवकों की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रवीन भांबा के पुत्र आशीष भांबा ने बताया कि उनकी माता के पर्स में करीब 25 हजार रुपये नकदी थी व कुछ जरूरी कागजात भी थे। शातिर पर्स को ले गए। गले से सोने की चेन भी शातिरों ने उड़ा ली। नंगल थाना के एसएचओ सतीश कुमार ने बताया कि वे भी घटना को लेकर जालंधर पुलिस के संपर्क में हैं।

Related posts