
कुल्लू। सैंज में विद्युत परियोजना में स्थायी रोजगार के लिए धरने पर बैठे ग्रामीण नेताओं पर साइट पर चल रहे निमार्ण कार्य को रोकने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने प्रबंधन की शिकायत पर पांच नेताओं के खिलाफ 341 और 143 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज करवाई गई एफआईआर में सैंज पार्वती जल विद्युत परियोजना चरण-3 में तैनात प्रबंध निदेशक सीबी सिंह ने कहा है कि पिछले दिनों सैंज क्षेत्र के लोग एनएचपीसी परियोजना में स्थायी रोजगार को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। उसी दौरान ग्रामीणों के साथ धरने में भाग ले रहे करीब पांच धरने की अगुवाई कर रहे नेताओं ने परियोजना के चल रहे निर्माण कार्य को रोका। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पांच नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस पांचों आरोपी नेताओं की पहचान करने में जुट गई है। मामले की छानबीन का जिम्मा सैंज चौकी में तैनात एएसआई यशवंत सिंह को सौंपा गया है।
शॉल फैक्टरी में सेंध लगाने की कोशिश
कुल्लू। भुंतर क्षेत्र में एक शॉल फैक्टरी में चोरी करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ भादंसं की धारा 457, 380, 511 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शमशी स्थित गगन शॉल उद्योग में शॉप कीपर के पद पर तैनात सुभाष चंद्र ने कहा है कि 11 जुलाई को करीब 1.30 बजे फैैक्टरी में अज्ञात युवक घुसा और चोरी करने का प्रयास किया। डीएसपी संजय शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
