टैक्स में गड़बड़ी पर 16.62 लाख जुर्माना

ऊना। आबकारी एवं कराधान विभाग के उड़नदस्ते ने मिनरल वाटर बनाने वाले उद्योग में छापामारी कर टैक्स अदायगी में भारी गड़बड़ी पाई है। इस पर महकमे ने उद्योग प्रबंधन पर 16.62 लाख रुपये का जुर्माना ठोंका है। विभाग ने 8.26 लाख रुपये का जुर्माना रिकवर कर लिया है। जबकि शेष बचे जुर्माने को विभाग ने उद्योग प्रबंधन को एक महीने के भीतर जमा करवाने को कहा है। अचानक हुई छापामारी से उद्योग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को विभाग के उड़नदस्ते ने समूरकलां में उद्योग की गाड़ी भी पकड़ी थी। इसकी चेकिंग के दौरान सरटेन गुड्स कैरियर ऑन रोड टैक्स की अदायगी में गड़बड़ी पाई गई थी। विभाग के उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त देवराज शर्मा की अगुवाई में इस कार्रवाई को अमल में लाया गया। देवराज शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को समूर कलां में उक्त उद्योग की गाड़ी पकड़ी गई थी, जो हमीरपुर के लिए माल लेकर जा रही थी। इसके बाद टीम ने उद्योग में जाकर छापामारी की और उद्योग प्रबंधन के रिकार्ड की जांच की। टीम ने जांच के दौरान वैट को लेकर भी भारी गड़बड़ी पाई। देवराज शर्मा ने बताया कि माल ढुलाई के लिए सरटेन गुड्स कैरियर ऑन रोड टैक्स में अनियमितताओं को लेकर उद्योग प्रबंधन को 6.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जबकि वैट में अनियमितताओं के लिए उद्योग प्रबंधन को 10.52 लाख रुपये की जुर्माना लगाया गया। उन्होंने बताया कि उद्योग प्रबंधन को कुल 16.62 लाख रुपये जुर्माना किया गया। इसमें से विभाग ने 8.26 लाख रुपये वसूल कर लिए हैं। जबकि 8.36 लाख रुपये की अदायगी के लिए एक माह का समय दिया गया है।

Related posts