
पतलीकूहल (कुल्लू)। मनाली ब्लॉक कांग्रेस की मासिक बैठक शुक्रवार को वामतट स्थित अरछंडी में संपन्न हुई। अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं मनाली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़ ने की। कांग्रेस महासचिव चेतराम नेगी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि एक माह तक मोदी सरकार की कार्यशैली पर चुप रहने वाली कांग्रेस ने इस बैठक में केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। ब्लॉक अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़ ने मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मोदी चुनाव प्रचार के दौरान देशभर में अच्छे दिनों की बात कहकर वोटरों को रिझाते रहे। लेकिन, अब सत्तासीन होते ही अपने वादे से पलटते हुए लोगों को कड़वे फैसलों के लिए तैयार रहने का राग अलाप रहे हैं। भाजपा ने सत्ता में आने पहले महंगाई को कम करने का सब्जबाग दिखाए लेकिन केंद्र में आते ही रेल भाड़ा, तेल, आलू और प्याज समेत रोजमर्रा की इस्तेमाल होने वाली सभी चीजों के दामों में एकाएक आग लग गई। इतना ही नहीं, अपनी हिमाचल रैलियों में वह विदेशी सेब के आयात पर पचास फीसदी शुल्क लगाने की बात कहकर बागवानों को बरगलाते रहे। हिमाचल के टूरिज्म को बढ़ावा देने की बड़ी-बड़ी बातें करते रहे। लेकिन मोदी साहब इन मुद्दों को पूरी तरह से भूल चुके हैं। इसी तर्ज पर रेल बजट में भी प्रदेश के हिस्से में कुछ नहीं आया। प्रदेश के सांसद रेलमंत्री से भी मिले, लेकिन कुछ खास नहीं करवा सके। वहीं, जिप अध्यक्ष हरिचंद शर्मा और जिप सदस्य दिनेश सेन ने संगठन को मजबूत करने पर बल दिया। फोजल स्कूल को स्तरोन्नत करने पर सीएम का आभार जताया गया। इस मौके पर उमा गौड़, अरुणा ठाकुर, विद्या नेगी, वीर सिंह ठाकुर, हीरा लाल, टेकचंद ठाकुर, अनूप ठाकुर, धनीराम ठाकुर, रंजीता, देवी सिंह, कर्मचंद ठाकुर, जयचंद ठाकुर, प्यारे लाल और रोहित महाजन समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
