‘एक बच्चा- एक पेड़’ का आगाज

कुल्लू। जिले में एक बच्चा- एक पेड़ कार्यक्रम का आगाज हो गया। कटराईं के जटेहड़ बिहाल में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कुल्लू वरिंद्र ठाकुर ने इसका शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राज्य विधिक प्राधिकरण सेवा के मार्गदर्शन से वन और शिक्षा विभाग के सहयोग से जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ‘एक बच्चा- एक पेड़’ कार्यक्रम किया जा रहा है। वन मंडलाधिकारी कुल्लू बीएल नेगी ने बताया कि कुल्लू पार्वती तथा बंजार वन मंडल के माध्यम से 97 स्कूलों के विद्यार्थियों के सहयोग से 92 क्षेत्रों में पौधरोपण कार्यक्रम होगा। 14 जुलाई तक विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण होगा। तीन वन मंडलों के माध्यम से 56365 पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है।
विभिन्न स्कूलों के 19497 छात्र और छात्राएं इसमें भागीदारी तय करेंगे। मंगलवार को वन मंडल कुल्लू में सरसई, सजला, मनाली, नसोगी तथा ओल्ड मनाली क्षेत्र में भी पौधरोपण हुआ। जटेहड़ बिहाल में वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कटरांई के 600 छात्र छात्राओं ने देवदार के लगभग 1200 पौधे रोपित किए। इस अवसर पर उपनिदेशक शिक्षा विभाग प्रदीप ठाकुर, प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कटर्राइं घनश्याम कपूर मौजूद रहे।

Related posts