
चंबा। हिप्र लोक निर्माण विभाग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ की बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता संघ के प्रधान देवीदास सूर्या ने की। इस मौके पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग में जो कर्मचारी वर्ष 2003 के बाद नियुक्त हुए हैं, उनकी सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि उनकी रिटायरमेंट की आयु 60 वर्ष की जाए। इसके अलावा जिन कर्मचारियों को 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर सेवानिवृत्त किया जा रहा है, उनको भी अराजपतित्रत कर्मचारियों की तरह एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया जाए। जिन कर्मचारियों को 15 मई, 2003 से पेंशन देय नहीं है उन्हें पेंशन दी जाए। साथ ही कहा कि जिन कर्मचारियों का हर माह सीपीएस कटता है उनको जीपीएफ अकाउंट नंबर जारी किया जाए। उन्होंने सरकार से मांग की है कि दसवीं व जमा दो पास कर्मचारियों को योग्यता के आधार पर पदोन्नति दी जाए। इसके अलावा चिकित्सा भत्ता 350 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये किया जाए। उन्होंने एलडीआर का तीसरा चरण जल्द लागू करने के लिए भी गुहार लगाई है। इस दौरान महासचिव कल्याण सिंह, उप प्रधान सोभिया राम, देस राज व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
चारों एटीएम दे गए जवाब
तीसा (चंबा)। तीसा उपमंडल में लगे चार एटीएम से कैश न निकलने के कारण हजारों उपभोक्ता परेशान हो गए हैं। क्षेत्र के भंजराडू बाजार में पीएनबी, एसबीआई और कोऑपरेटिव बैंक के तीन एटीएम लगे हैं। इसके अलावा एक एटीएम तीसा में लगाया गया है। सोमवार को चारों में से किसी भी एटीएम से कैश नहीं निकला। कुछ एटीएम जहां खराब पड़े हुए थे, वहीं कई में कैश नहीं था। इस कारण दिन भर उपभोक्ता एटीएम के चक्कर काटते रहे, लेकिन कैश न निकलने से उन्हें मायूसी हाथ लगी। उपभोक्ता लाल चंद, रूप लाल, धर्म चंद, चैन लाल, लोभी राम, देवी सिंह, मानो, तेज सिंह, जोगिंद्र और रमेश ने बताया कि कैश न निकलने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने बैंक प्रबंधन से मांग की है कि एटीएम को ठीक किया जाए और लोगों को उचित सुविधाएं मुहैया करवाई जाए।
