गुरिल्लाओं का कुल्लू में प्रदर्शन

कुल्लू। एसएसबी प्रशिक्षित गुरिल्ला संगठन ने सोमवार को ढालपुर में रैली निकाली। गुरिल्ला स्वयंसेवियों ने पुराने स्टेट बैंक से लेकर डीसी कार्यालय तक सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शन किया। इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय के संगठन जिला अध्यक्ष प्र्रेम सिंह राणा ने कहा कि जिले के चारों ब्लाकों के 2866 गुरिल्लाओं की सूची वेरिफाइड होकर एसएसबी से संगठन के पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि जो स्वयंसेवी जिला तथा सर्कल की प्रत्येेक गतिविधियों मेें भाग ले रहे हैं और अपना योगदान दे रहे हैं, उनका नाम ही फाइनल लिस्ट में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जो गुरिल्ला लगातार दो बैठकों में भाग नहीं लेेगा, उसका नाम इस लिस्ट से काट दिया जाएगा। अत: बैठक में शामिल होना अनिवार्य है। प्रेम सिंह राणा ने बताया कि समस्या को लेकर संगठन का एक डेपुटेशन सांसद रामस्वरूप शर्मा से भी मिला है। रैली को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय गुरिल्ला संगठन के मुख्य सलाहकार प्रीतम सिंह ठाकुर ने कहा कि आल इंडिया संगठन ने राष्ट्रीय चेयरमैन बीके आनंद की अध्यक्षता में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू से मिलकर अपनी मांगों को लेकर मांग पत्र दिया है। प्रस्ताव में 40 वर्ष तक के शारीरिक फिट गुरिल्ला महिलाओं और पुरुषों को एनडीआरएफ, डिजास्टर मैनेजमेंट और आईआरबी में स्थायी नौकरी देने की मांग रखी गई है। 40 से 50 वर्ष के युवाओं को उनकी योेग्यता के आधार पर स्थायी नियुक्तियां दी जाएं। 50 की उम्र पार कर चुके युवाओं को पेंशन सुविधा तथा वन टाइम सेटलमेंट देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह सरकार को अपनी समस्या का हल करने के लिए कुछ और समय देना चाहते हैं। सरकार अगर जल्द उनकी मांगों को नहीं सुनती है तो पंद्रह राज्यों से गुरिल्ला दिल्ली में प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे। रैली में संगठन प्रवक्ता एवं नग्गर सर्कल के प्रधान चुन्नी लाल ठाकुर, महिला जिला अध्यक्ष मीना शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रूप चंद राणा, रामानंद, भवानी प्रसाद, गुरदयाल सिंह, मुरलीधर, जगत राम, लच्छू राम, मैना देवी, वेसरू देवी, अनारकली, मीना शर्मा, पुष्पा देवी, पदमा देवी, प्रीतम चंद, राम सिंह ठाकुर और पवन आदि सैकड़ों गुरिल्लाओं ने भाग लिया।

Related posts