
कोकसर (लाहौल स्पीति)। कोकसर के समीप बने पुल पर ओवरलोड ट्रक के फंस जाने से मनाली लेह-मार्ग करीब बारह घंटे अवरुद्ध रहा। इसके चलते आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क अवरुद्ध होने के कारण कोकसर में सैकड़ों मुसाफिर पूरी रात यहीं फंसे रहे। ठहरने की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई यात्रियों को रात ढाबे के आंगन में ही गुजारनी पड़ी। यात्री ठहराव की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कोकसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। संचार व्यवस्था भी ठप होने के कारण यात्री अपने परिजनों से संपर्क नहीं कर पाए। लोगों ने ठहराव की व्यवस्था तथा संचार सेवा ठप होने पर प्रशासन को जमकर कोसा। अन्य यात्रियों के साथ त्रिलोकनाथ धाम की यात्रा से लौट रहे कुल्लू के पचास छात्र भी शामिल थे। केलसी कंप्यूटर संस्थान के टीचर पंकज उपाध्याय ने बताया कि कोकसर में फंस जाने तथा वहां संचार सेवा ठप होने के कारण उनके संस्थान के बच्चे अपने परिजनों से संपर्क नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस के जवानों ने रात्रि ठहराव के लिए जगह मुहैया करवाई। बीआरओ के क निष्ठ अभियंता राकेश कुमार ने कहा कि कोकसर पुल सिर्फ नौ टन वजन वाली गाड़ियों का भार ही सहन कर सकता है। जबकि, ओवरलोड होने के कारण यह हादसा पेश आया। बीआरओ ने प्रशासन से आग्रह किया है कि लाहौल जाने वाले माल वाहक वाहनों के भार को चैक किया जाए, जिससे इस प्रकार की घटना दूसरी बार न हो।
