बख्शे नहीं जाएंगे नशे के सौदागर

ऊना। एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति अपनाई जाए। ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए। ऐसे लोगों की लिस्ट तैयार करके इनकी हर तरह की गतिविधियों पर पैनी निगाह रखी जाए। नशे के गोरखधंधे से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। वह सोमवार को जिला स्तरीय संयुक्त सलाहकार एवं कल्याण समिति की बैठक व अपराध संबंधी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक जिला ग्रामीण विकास कार्यालय के मीटिंग हाल में हुई।
उन्होंने कहा कि सभी थानों से एक-एक महिला कर्मचारी भी इस बैठक में भाग ले, ताकि महिलाओं से संबंधित मामलों को हल करने में और आसानी हो। उन्होंने यह भी कहा कि सामुदायिक योजना के सही ढंग से लागू करने पर जनता व पुलिस के संबंध सुधरेंगे और अपराध में कमी आएगी। अपराध समीक्षा बैठक के दौरान सभी प्रभारियों को अपने-अपने थाना में लंबित पड़े मामलों के शीघ्र निपटारे के बारे में तथा जिला में बढ़ते अपराधों के बारे में अधिक से अधिक अपराध निवारक धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।
बैठक में एडिशनल एसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर, डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा, डीएसपी सागर चंद्र, विधि अधिकारी चंद्रशेखर भाटिया, प्रोबेशनर डीएसपी कु लविंद्र सिंह समेत विभिन्न थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Related posts