बिना परीक्षा दिए सर्टिफिकेट चाहते थे बच्चे!

अंब (ऊना)। नैहरियां और टकारला के दो लोगों के खिलाफ दर्ज मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने इन दोनों व्यक्तियों के घरों से कुछ सर्टिफिकेट कब्जे में लिए थे। यह सर्टिफिकेट दिल्ली के एक बोर्ड से जारी बताए जा रहे थे। इस बोर्ड का एक कार्यालय नवांशहर के बंगा में भी दर्शाया गया था। अंब पुलिस की एक टीम बंगा पहुंची तथा सर्टिफिकेट की सत्यता जांची। इस दौरान सर्टिफिकेट को सही पाया गया। इस मामले की जांच एएसआई सुभाष को सौंपी गई है।
जांच में खुलासा हुआ कि जिन बच्चों ने एफआईआर करवाई थी, वे बच्चे परीक्षा दिए बगैर ही सर्टिफिकेट जारी करने के लिए दबाव बना रहे थे। लेकिन अंब इलाके के इस संबंधित संस्थान के संचालकों ने बच्चों को कहा कि सर्टिफिकेट हासिल करने के लिए परीक्षा तो देनी ही पड़ेगी। इसी बात पर बच्चे दो-तीन बच्चे भड़क गए और पुलिस के पास जाकर शिकायत करवाई। बताया जा रहा है कि शिकायत करवाने वाले इन बच्चों ने संस्थान से फीस वापस ले ली है। पता चला है कि इन बच्चों ने संबंधित संस्थान के संचालकों के साथ समझौता भी किया है। पुलिस का कहना है कि जो सर्टिफिकेट बरामद किए थे, वे उन बच्चों के थे जो परीक्षा देने के बाद उत्तीर्ण हुए थे। पुलिस की एक टीम अब बोर्ड के दिल्ली स्थित दफ्तर में भी जाएगी। वहां जाकर भी छानबीन की जाएगी और पूरा सच सामने लाया जाएगा। डीएसपी अंब सागर चंद्र ने कहा कि पुलिस बंगा में जांच के दौरान सर्टिफिकेट सही पाए गए हैं। अब पुलिस की टीम दिल्ली भी जाएगी।

Related posts