
कुल्लू। श्रीखंड यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और आयोजन कमेटी ने कमर कस ली है। यात्रा को लेकर लिए तैयारियां आरंभ हो गई हैं। 11 दिन तक चलने वाली इस पवित्र धार्मिक यात्रा का पहला जत्था 15 जुलाई को सिंहगाड़ से रवाना किया जाएगा। हालांकि, यह तिथि श्रीखंड सेवादल कमेटी की ओर से निर्धारित की गई है। आधिकारिक तौर पर अभी श्रीखंड यात्रा के लिए तिथि की घोषणा नहीं की गई है। इस पवित्र धार्मिक छड़ी यात्रा में प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों के एक हजार भक्तों का पहला जत्था कन्या पूजन करवा कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। श्रीखंड सेवा दल प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद शर्मा ने बताया कि कमेटी की ओर से यात्रा के लिए सभी इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 25 किमी की पैदल चढ़ाई वाले श्रीखंड कैलाश महादेव तक पहुंचने के लिए कमेटी तीन पड़ावों में कैंपों का आयोजन करेगी। इनमें सिंहगाड़ से थाचडू 9 किमी, थाचडू से भीमड़वार नौ किमी तथा भीमडवार से श्रीखंड कैलाश सात किमी की दूरी है। तीनों स्थलों पर कमेटी भक्तों के ठहरने सहित खाने के सभी पुख्ता प्रबंध करेगी। तीनों पड़ावों पर दवाइयां तथा अन्य सामान भी उपलब्ध रहेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए श्रीखंड सेवा समिति की ओर से रोजाना भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
प्रशासन ने नहीं की तिथि की घोषणा
सरकारी तौर पर श्रीखंड यात्रा को लेकर जिला प्रशासन तिथि को निर्धारित नहीं कर पाया है। अमूमन बैसाख संक्रांति से आरंभ होने वाली इस यात्रा के बावजूद श्रद्धालुओं ने अपने स्तर पर श्रीखंड का रुख कर दिया है। जिला प्रशासन का कहना है कि अभी श्रीखंड पर बर्फ है। ऐसे में पहले एक टीम निरीक्षण करेगी, उसके बाद ही तिथि निर्धारित की जाएगी। डीसी कुल्लू राकेश कंवर ने कहा कि श्रीखंड जाने वाले देश भर के भक्तों को किसी तरह की समस्या न हो, इसके लिए सभी तैयारियाें को पूरा किया जा रहा है। एक-दो दिन में तिथि को फाइनल किया जाएगा।
